Betul News: हाथों में मेहंदी, माथे पर सिंदूर और दिल में वही आभार…
Betul News: Mehndi on the hands, vermilion on the forehead and the same gratitude in the heart...

किडनी देकर जिंदगी देने वाले पति के लिए मोनिका का निर्जला व्रत
Betul News: बैतूल। करवा चौथ का त्योहार हर पत्नी अपने पति की लंबी उम्र और सुखमय जीवन के लिए मनाती है, लेकिन बैतूल के टिकारी निवासी मुकेश (लल्ली) वर्मा और मोनिका वर्मा के लिए यह दिन सिर्फ परंपरा नहीं, बल्कि जीवन का सबसे भावनात्मक और यादगार अध्याय है। आज जब मोनिका हाथों में मेंहदी लगाए, माथे पर सिंदूर सजाकर चांद का इंतजार कर रही हैं, तो उनकी आंखों में वही चमक है जो उन्हें 12 साल पहले पति से मिला जीवनदान याद दिला रही है।
जब डॉक्टर ने कहाकि एक किडनी काम नहीं कर रही साल 2014, तारीख 8 मई मोनिका के लिए वह दिन किसी बुरे सपने से कम नहीं था। लगातार बिगड़ते स्वास्थ्य पर जब डॉक्टरों ने जांच की तो पता चला कि उनकी एक किडनी पूरी तरह खराब हो चुकी है। परिवार पर जैसे दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मोनिका की आंखों में डर और निराशा थी। तभी उनके पति मुकेश वर्मा ने बिना एक पल सोचे फैसला किया अगर मेरी जिंदगी से पत्नी को नया जीवन मिल सकता है, तो यही मेरा सच्चा करवा चौथ होगा।

गुजरात में हुआ ट्रांसप्लांट, पति की किडनी से मिली नई जिंदगी
परिवार ने मोनिका को गुजरात के नाडियाड जिले के मुलजी भाई यूरो मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने प्लाज्मा पद्धति से सफल ट्रांसप्लांट किया।
मुकेश की किडनी मोनिका के शरीर में फिट हो गई और कुछ ही दिनों में उनकी तबीयत सुधरने लगी। मुकेश बताते हैं कि जब डॉक्टर ने कहा कि दोनों सुरक्षित हैं, उस दिन लगा जैसे भगवान ने हमें दूसरा जन्म दे दिया। आज 12 साल बाद भी मोनिका हर करवा चौथ उसी श्रद्धा और आभार के साथ मनाती हैं। मोनिका वर्मा का कहना हे कि मेरे लिए करवा चौथ सिर्फ व्रत नहीं, मेरे पति के प्रेम और त्याग का प्रतीक है। उन्होंने मुझे जीवन दिया, इससे बड़ा आशीर्वाद क्या हो सकता है। मोनिका सजी-धजी हैं, हाथों में मेंहदी, माथे पर सिंदूर और थाली में दीया जलाए चांद का इंतजार कर रही हैं। उनकी आंखों में वही चमक है जो कृतज्ञता और प्रेम से भरी है।
मुकेश मुस्कराते हुए कहते है कि मेरे लिए मोनिका की मुस्कान ही सबसे बड़ा प्रसाद है। ईश्वर की कृपा से हम साथ हैं, यही सबसे बड़ी पूजा है।




