Betul Ki Khabar: जब सिर से उठा अपनों का साया, विजय सेवा न्यास बना उम्मीद और सहारा

59 बेसहारा बच्चों की शिक्षा, परवरिश और भविष्य की जिम्मेदारी उठा रहा न्यास, 14 स्कूलों को सौंपी गई फीस राशि

Betul Ki Khabar: बैतूल। किसी बच्चे के सिर से माता-पिता या परिवार का सहारा छिन जाए तो उसके सामने जीवन की राह अत्यंय कठिन हो जाती है। ऐसे बच्चों के लिए बैतूल में विजय सेवा न्यास उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आया है। पूर्व सांसद स्वर्गीय विजय कुमार खण्डेलवाल की स्मृति में उनके पुत्र मुकेश खण्डेलवाल और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमन्त खण्डेलवाल द्वारा संचालित यह न्यास आज दर्जनों बेसहारा बच्चों के जीवन को संवारने का कार्य कर रहा है।

शुक्रवार को रामकृष्ण की बगिया में आयोजित कार्यक्रम में ऐसे बच्चों और उनके अभिभावकों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया गया, जिनकी शिक्षा और परवरिश की जिम्मेदारी विजय सेवा न्यास ने अपने कंधों पर ली है। कार्यक्रम में स्कूलों के प्राचार्यो को सभी बच्चों की फीस के चैक प्रदान किये गए।

14 स्कूलों के 59 बच्चों की पढ़ाई की निभाई जा रही जिम्मेदारी

विजय सेवा न्यास के जरिये वर्तमान में जिले के 59 बेसहारा बच्चे 14 निजी और शासकीय विद्यालयों में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, जिनकी फीस और शैक्षणिक जरूरतों का खर्च विजय सेवा न्यास द्वारा वहन किया जा रहा है। इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों के प्राचार्यों को बच्चों की फीस के रूप में करीब 8 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई।

इसके अलावा प्रत्येक बच्चे को शैक्षणिक सामग्री के लिए 2 हजार रुपये और उनके परिजनों को प्रतिवर्ष 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी दी जा रही है। यह कारवां निरंतर बढ़ता जा रहा है। इसके अलावा हर निर्धन कमजोर वर्ग को आर्थिक सहायता के साथ साथ, अन्य सुविधाएं न्यास निरंतर उपलब्ध करवा रहा है।

 मुकेश एवं हेमन्त खण्डेलवाल दोनों भाई निभा रहे सेवा का संकल्प

  सह्रदय व्यवसायी मुकेश एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमन्त खण्डेलवाल अपने पिता स्वर्गीय विजय कुमार खण्डेलवाल के सेवा भाव को लगातार आगे बढ़ा रहे हैं। हेमन्त खण्डेलवाल ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग के साथ खड़े रहना ही सच्ची मानव सेवा है यही बाबूजी के संस्कार और सिद्धान्त थे।विजय सेवा न्यास का उद्देश्य केवल बच्चों की फीस भरना नहीं, बल्कि उन्हें बेहतर शिक्षा, सुरक्षित भविष्य और सम्मानजनक जीवन भी उपलब्ध कराना है। बच्चों की परवरिश करने वाले परिजनों को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार से जोड़ने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

‘मानव सेवा ही माधव सेवाÓ को बनाया मिशन

चार बार बैतूल-हरदा-हरसूद संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले स्वर्गीय विजय कुमार खण्डेलवाल विकास के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के लिए भी पहचाने जाते थे। उनका जीवन मंत्र ‘मानव सेवा ही माधव सेवा हैÓ आज भी खण्डेलवाल परिवार की प्रेरणा बना हुआ है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए विजय सेवा न्यास शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, नारी सशक्तिकरण और चिकित्सकीय सहायता जैसे क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम का सबसे भावनात्मक दृश्य तब देखने को मिला जब विधायक हेमन्त खण्डेलवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री डीडी उइके, विधायक डॉ. योगेश पण्डागरे, महेंद्र सिंह चौहान, चंद्रशेखर देशमुख, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।

 निरंतर लगन और सेवा से संवर रहे देश के भविष्य

विजय सेवा न्यास का ‘बेसहारा को सहाराÓ प्रकल्प उन बच्चों के लिए नई जिंदगी का आधार बन रहा है, जिन्होंने किसी दुर्घटना या अन्य कारणों से अपने परिजनों को खो दिया है। वर्ष 2025 में जहां 41 बच्चों की जिम्मेदारी न्यास ने उठाई थी, वहीं वर्ष 2026 में यह संख्या बढ़कर 59 हो गई है। यह पहल न केवल बच्चों की शिक्षा सुनिश्चित कर रही है, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास और बेहतर भविष्य की दिशा भी दे रही है।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button