Betul News: सारणी में 660 मेगावाट की यूनिट के लिए केबिनेट की मंजूरी
Betul News: Cabinet approval for 660 MW unit in Sarani

शाम को सारणी में मनेगा जश्न, विधायक पंडाग्रे भी होंगे शामिल
Betul News: बैतूल। जिले के सारणी में 660 मेगावाट की नई यूनिट के लिए काम शीघ्र शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। दरअसल मंगलवार को राजधानी भोपाल में हुई केबिनेट की बैठक में अन्य प्रस्तावों के साथ सारणी और चचाई 660-660 मेगावाट की दो यूनिट लगाने के लिए हरीझंडी मिल गई है। केबिनेट के इस प्रस्ताव की जानकारी सारणी में लगते ही खुशी का माहौल है। मंगलवार शाम भाजपा और आम नागरिकों ने नई यूनिट के लिए केबिनेट की मंजूरी मिलने पर जश्न मनाने की तैयारी की है। इस जश्न में स्थानीय विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे भी पहुंचेंगे।
सारणी में नई यूनिट की स्थापना के लिए लंबे समय से कई पेंच सामने आ रहे हैं। तत्कालीन मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सारणी में ही 660 मेगावाट की यूनिट लगाने की घोषणा की थी, लेकिन यह घोषणा आगे नहीं बढ़ पाई। हालांकि 3 वर्ष पहले अपनी घोषणा पर चौहान ने सारणी आकर नई यूनिट के लिए भूमिपूजन कर राह आसन कर दी, लेकिन टेंडर और अन्य प्रक्रियाओं के कारण यूनिट स्थापना में कई तरह के पेंच सामने आए। इस मामले में कांग्रेस मुखर होकर भाजपा को लगातार घेरते रही, लेकिन पिछले दिनों बीएचईएल ने 660 मेगावाट की यूनिट के लिए टेंडर हासिल कर रास्ता साफ कर दिया था। हालांकि टेंडर के बाद अनुबंध की प्रक्रिया में कुछ विलंब हुआ, लेकिन केबिनेट से यूनिट स्थापना को हरीझंडी मिलते ही यह रूकावट भी अब पूरी तरह खत्म हो गई है। 435 करोड़ की लागत से बनने वाली यूनिट की लागत अब बढ़कर 11 हजार 678 करोड़ रुपए तक पहुंच गई है।
पंडाग्रे बोले-भाजपा जो कहती है, वह करती है
केबिनेट से सारणी में 660 मेगावाट की नई यूनिट स्थापित करने की मंजूरी मिलने पर स्थानीय विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे ने सांझवीर टाईम्स से चर्चा में कहा कि भाजपा जो बोलती है, वह करती है। उन्होंने कहा कि नई यूनिट के लिए तीन माह में काम शुरू हो जाएगा। इससे सारणी की रौनक न सिर्फ दोबारा वापस लौटेगी, बल्कि हजारों की संख्या में क्षेत्रीय युवाओं को रोजगार के अवसर भी मुहैया होंगे। डॉ पंडाग्रे ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केबिनेट में सारणी की नई इकाई को मंजूरी दी है। क्षेत्र के लोग उनका आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने बताया कि केबिनेट से नई यूनिट की मंजूरी मिलते ही भाजपा पदाधिकारियों और आम लोगों द्वारा मंगलवार जश्र मनाया जाएगा। इसमें वे स्वंय भी शामिल होंगे।




