Betul News : चुन-चुन कर हटाया जाएगा 24 मीटर दायरे का अतिक्रमण
Betul News: Encroachment within 24 meter radius will be removed selectively

कारगिल चौक से सोनाघाटी तक मार्ग का किया निरीक्षण, नपा ने की चूने की मार्किंग
Betul News : बैतूल। शहर में सुगम यातायात व्यवस्था और चौड़ी सड़क निर्माण की दिशा में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते कारगिल चौक से गाढ़ाघाट तक प्रस्तावित 24 मीटर चौड़ी सड़क पर आने वाले प्रत्येक अतिक्रमण को हटाने का निर्णय लिया है। लगभग 7 करोड़ 89 लाख की लागत से बनने वाली इस सड़क का निरीक्षण करते कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने साफ निर्देश दिए कि चाहे निजी हो या संस्थागत, किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पाया कि कई बड़े संस्थानों ने सड़क तक अतिक्रमण कर रखा है। यही नहीं संस्थानों के वाहन तक सड़क पर ही खड़े रहने से आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। इस पर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने साफ कहा कि संस्थान संचालक अपनी निजी पार्किंग की व्यवस्था करें और सड़क पर वाहन खड़े न करें। उन्होंने चेतावनी दी कि तय समय सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर के निर्देश के बाद नपा, पीडब्ल्यूडी और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने तेजी से काम शुरू करते हुए सड़क पर मार्किंग का कार्य प्रारंभ कर दिया है।
अतिक्रमणकारियों को नोटिस और मौखिक रूप से स्पष्ट चेतावनी दी जा रही है कि वे स्वयं अपने निर्माण और अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा प्रशासन चुन-चुन कर उन्हें हटा देगा। प्रशासन का मानना है कि यह सड़क भविष्य में शहर के यातायात का दबाव कम करेगी और सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करेगी। कलेक्टर की सख्ती के बाद अब स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि किसी भी दबाव या सिफारिश को दरकिनार करते हुए कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। लोगों में उम्मीद है कि वर्षों से अटकी इस सड़क का निर्माण अब गति पकड़ेगा और शहर को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।




