Betul News: भाजपा की मैराथन बैठक, प्रदेश- जिला कार्यकारिणी पर मंथन
Betul News: BJP's marathon meeting, discussion on state and district executive

निगम मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति भी इसी माह, बैतूल से किसकी लगेगी लाटरी
Betul News: भोपाल/बैतूल। सोमवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय भोपाल में पार्टी के संगठन महामंत्री बीएल संतोष की उपस्थिति में भाजपा की मैराथन बैठक जारी रही। करीब चार घंटे तक चली इस बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल कार्यकारिणी के अलावा जिला कार्यकारिणी, मंडल अध्यक्षों-उपाध्यक्षों की नियुक्ति पर टॉप टू बाटम चर्चा होने की खबर है। बताया जाता है कि जिन जिलों में जिला कार्यकारिणी को लेकर नाम तय नहीं हुआ है, इस पर भी राष्ट्रीय संगठन महामंत्री ने उपयोगी टिप्स दिए हैं। कहा जा रहा है कि शेष जिलों की कार्यकारिणी इस माह के अंत तक घोषित कर दी जाएगी।
प्रदेश भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने के लिए राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रविवार अपरान्ह राजधानी दिल्ली से भोपाल पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर खुद प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने उनका स्वागत किया। सोमवार दोपहर 12 बजे से संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा और अन्य प्रदेश के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
बताया जाता है कि अलग-अलग दौर की इन बैठकों में प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी के अलावा जिला और शेष बचे मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति पर गहन मंथन किया गया है। सूत्र बताते हैं कि टीम हेमंत खंडेलवाल में नए पदाधिकारियों की नियुक्ति को लेकर संगठन महामंत्री को ब्यौरा दिया गया है। हालांकि प्रदेश कार्यकारिणी दिल्ली से हरिझंडी मिलने के बाद शीघ्र ही घोषित की जा सकती है। सूत्र बताते हैं कि इस कार्यकारिणी को संतुलित और सभी वर्गों का समावेश कर बनाई जा रही है। यदि इस माह के अंत तक टीम हेमंत का ऐलान हो गया तो प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद सबसे कम समय में कार्यकारिणी घोषित करने वाले वे संभवत: पहले प्रदेश अध्यक्ष बन जाएंगे।
निगम मंडल में कई नाम सामने
सूत्र बताते हैं कि प्रदेश के अलावा जिला कार्यकारिणी को लेकर राष्ट्रीय संगठन महामंत्री ने बैठक में पूरी जानकारी हासिल की है। इसके बाद निगम मंडल अध्यक्ष, उपाध्यक्ष बनाए जाने के लिए करीब चार दर्जन से अधिक नेताओं के नामों पर चर्चा की गई है। इनमें कुछ कांग्रेस से आए वरिष्ठ नेताओं का नाम भी शामिल हैं। वहीं पिछले विस चुनाव में पराजित होने वालों को भी निगम मंडल में शामिल करने की कवायद हो रही है। सूत्रों के अनुसार कुछ नाम संघ की ओर से भी दिए गए हैं, इन पर भी बैठक में चर्चा की गई। इधर बैतूल जिले को लेकर भी निगम मंडल अध्यक्ष, उपाध्यक्ष में किसी नेता को एडजेस्ट करने को लेकर गहमा गहमी बनी है। चूंकि बैतूल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का गृह जिला है, इसलिए यहां पर सबकी निगाहे टिकी है।
बैतूल जिला कार्यकारिणी की घोषणा शीघ्र
इधर जानकार सूत्रों ने बताया कि बैतूल जिला भाजपा की कार्यकारिणी एक-दो दिनों में घोषित की जा सकती है। बताया जाता है कि बैतूल से कार्यकारिणी के नाम प्रदेश संगठन को भेजे जा चुके हैं। यहां से हरीझंडी मिलते ही सूची जारी कर दी जाएगी। कार्यकारिणी में कई वरिष्ठ और कनिष्ठ नेताओं के नामों का समावेश होने की जानकारी सामने आई है। इनमें कृष्णा गायकी, राजेंद्र मालवीय, रश्मि साहू, भास्कर मगरदे, विशाल ठाकुर, जगदीश पवार, दीपू सलूजा, अतीत पवार, कांति यादव, मनीष माथनकर, महेश्वर चंदेल, सुधा चंद्रा, नरेश फाटे, आरती झरबड़े के नाम सामने आए हैं।




