Betul News: खोदी जा रही सड़क की रिपेयरिंग डीपीआर में शामिल
Betul News: Repairing the road being dug is included in the DPR

वार्डवासियों ने इंजीनियरिंग पर उठाए सवाल, बोले- सेंटर से खुदाई समझ से बाहर
Betul News: बैतूल। शहर में पाइपलाइन बिछाने या अन्य विकास कार्यों के चलते खोदी गई सड़कों की दुर्दशा को लेकर उठी जनता की आवाज और मीडिया की खबरों का असर अब नजर आने लगा है। नपा ने सड़क की मरम्मत कार्य डीपीआर में शामिल किया है। अब जिस भी ठेकेदार के द्वारा सड़क की खुदाई की गई है, उसी को उसे पूर्व स्थिति में लाने की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। सीएमओ नपा ने इसकी पुष्टि भी की है, लेकिन जिस बेरहमी से सीमेंट की सड़कों की खुदाई ठेकेदार कर रहे हैं। उनके इस तरीके लोगों में नाराजगी नजर आ रही है। लोगों सीधे तौर इंजीनियरिंग पर सवाल खड़े कर नपा को आड़े हाथों ले रहे हैं।
सड़क किनारे खुदाई कर डाली जा सकती थी पाइप लाइन
इस पूरे मामले को लेकर तिलक वार्ड निवासी अजीज खान यूसुफ ज़ई का कहना है कि नई पाइप लाइन बिछाने के लिए ठेकेदार ने बनी बनाई सीमेंट सड़क का सत्यानाश कर दिया। सड़क के सेंटर में मशीन लगाकर खुदाई की गई है। जबकि सड़क के दोनों किनारों पर इतनी जगह है कि यहां खुदाई कर पाइप लाइन डाली जा सकती है, लेकिन सड़क के बीचोबीच खुदाई कर पाइप लाइन बिछाना समझ से परे हैं। यह घटिया इंजीनियरिंग का जीता जागता उदाहरण है। पाइप भी प्लास्टिक के डाले जा रहे हैं। मान लिया जाए कि खोदी गई सड़क रिपेयर कर दी जाएगी, लेकिन भविष्य में यदि पाइप लाइन में लीकेज आदि की समस्या आएगी तो नपा फिर बनी बनाई सड़क की खुदाई लीकेज सुधारने के लिए करेगी।
कुल मिलाकर नपा सिवाय सरकारी पैसों की बर्बादी के अलावा कोई काम नहीं कर रही है। ठेकेदार को काम हैंडओवर करने के बाद नपा के इंजीनियरों को कम से कम स्पॉट वेरिफिकेशन कर हालातो का जायजा तो लेना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा और ठेकेदार भी जहां मर्जी हो रही, वहीं से सड़क खोदे जा रहा है। यही वजह है कि आम जन जिन्हें सड़कों का रोजाना उपयोग करना पड़ता, उनमें नाराजगी व्याप्त है। जनता की मांग है कि पाइप लाइन बिछाने के बाद कम से कम अपनी देखरेख में इसकी रिपेयरिंग कराई जाए, ताकि रिपेयरिंग के नाम पर ठेकेदार लीपा पोती न कर दे।
इनका कहना……
सड़क खोदने के बाद ठेकेदार को सड़क रिपेयर करने के निर्देश दिए हैं। सड़क रिपेयरिंग डीपीआर में शामिल की गई है।
सतीश मटसेनिया, सीएमओ नपा बैतूल




