Betul News: एडवांस बाउचर जनरेट करने के खेल के चलते आपरेटरों पर कार्यवाही से परहेज?
Betul News: Avoiding action against operators due to the game of generating advance vouchers?

अधिकारियों ने दे रखा फ्री हैंड, निर्देश की अवहेलना पर भी दो साल की सजा का प्रावधान
Betul News: बैतूल। वनवृत में फर्जी खातों के जरिए सरकारी राशि मे हेरफेर करने वाले 10 कम्प्यूटर आपरेटरों पर कार्यवाही नहीं करने के मामले में अब शक की सुई वरिष्ठ अधिकारियों की तरफ घूम रही हैं। वह भी तब जब इन आपरेटरों को बाहर का रास्ता दिखाने के लिए वनवृत के तत्कालीन मुख्यवनसंरक्षक के निर्देशों तक को अधिकारियों ने कचरे के डिब्बे में डाल रखा है। जबकि एक उच्च अधिकारी के निर्देश की अवहेलना करना सीधे-सीधे कदाचार की श्रेणी में आने के साथ-साथ भारतीय दंड सहिंता की धारा 166 ए और 168 के तहत दंडनीय अपराध है। जिसके लिए दो साल की सजा तक का प्रावधान किया है।
विभागीय सूत्र बताते हैं कि पिछले दो सालों में उत्तर, दक्षिण उत्पादन और पश्चिम वन मंडलों में जो काम कराए जाने बताए गए हैं, उनमें से कितने काम धरातल पर नजर आ रहे, इसकी जांच कराई जाए तो अधिकारियों समेत आपरेटरों की कारगुजारी की पोल खुल जाएगी।
वन मंडलों में एडवांस बाउचर जनरेट कर लाखों रुपए की राशि के दुरुयोग का दावा सूत्र कर रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि कई काम ऐसे हैं। जो आज भी अपूर्ण पड़े हुए हैं, लेकिन इन कामों का भुगतान पहले ही हो चुका है या इनका कोई अस्तित्व ही नहीं है। इस पूरे गोरखधंधे में इन्ही दस कम्प्यूटर आपरेटरों की विशेष भूमिका भी बताई जा रही है। जिन्हें अधिकारियों ने अभयदान दे रखा है।
फर्जी खातों के जरिये सगे सम्बन्धियों को उपकृत करने के लगे थे आरोप
दरअसल इन कम्प्यूटर आपरेटरों की कारगुजारी की शिकायत तत्कालीन मुख्य वनसंरक्षक पीजी फुलझेले से होने के बाद उन्होंने 10 अक्टूबर 2023 को उत्पादन सहित तीनों वन मण्डल अधिकारियों को इन आपरेटरों को तत्काल पद से पृथक किए जाने के निर्देश जारी किए थे। मुख्य वन संरक्षक का अन्यत्र तबादला होने के बाद अधिकारियों ने आदेश को रद्दी की टोकरी में डाल दिया और 2 साल बाद भी आपरेटरों पर न ही कोई कार्यवाही की गई और ना ही कोई जाँच करना मुनासिब समझा गया। इन आपरेटरों में उत्तर वन मण्डल में संग्राम सिंह चौहान, दक्षिण वन मण्डल के दीपक यादव,संदीप नागनपुरिया,रामचन्द्र देशमुख, उत्पादन वन मण्डल में सतीश साहू,सीमा साहू,इरशाद अली तथा पश्चिम वन मण्डल में मूलचंद यादव, चेतराम यादव और श्रीराम यादव शामिल हैं।
सूत्र बताते हैं कि, इन आपरेटरों के हुनर के अधिकारी इस कदर कायल हैं की, वन मंडलों के परिक्षेत्र अधिकारी भी इन्हें सलाम ठोंकते नजर आते हैं। हद तो तब है जब झुंड वर्तमान मुख्यवनसंरक्षक भी आपरेटरों पर कार्यवाही को लेकर नत मस्तक नजर आ रही हैं। कार्यवाही का भरोसा तो दिया जा रहा है, लेकिन यह कार्यवाही कब तक हो पाएगी, इसका जवाब अधिकारी भी देने से कतरा रहे हैं।
इनका कहना ..
वन मंडल अधिकारियों को जांच के लिए कहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्यवाही तय करेंगे।
वासु कनोजिया मुख्यवनसंरक्षक वन व्रत बैतूल




