Betul News: वन विभाग में फर्जी खातों का जाल, ऑपरेटरों की भूमिका संदिग्ध

Betul News: Fake accounts in forest department, operators' role suspicious

एक क्लिक में राशि ट्रांसफर करने का दारोमदार इन्हीं पर, जांच की उठी मांग

Betul News: बैतूल। वन विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटरों की भूमिका इन दिनों सवालों के घेरे में है। विभागीय कार्यों में भुगतान प्रक्रिया की पूरी जिम्मेदारी जिन ऑपरेटरों के कंधों पर है, उन्हीं पर भारी वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लग रहे हैं। तत्कालीन मुख्य वन संरक्षक पीजी फुलझेले ने कुछ ऑपरेटरों को पद से हटाने का आदेश भी दिया था, लेकिन नाम चिन्हित होने के बावजूद आज तक किसी को हटाया नहीं गया। इससे विभागीय मंशा पर सवाल उठ रहे हैं।

सूत्रों की मानें तो यह ऑपरेटर महज एक क्लिक में लाखों रुपए ट्रांसफर करने की ताकत रखते हैं। भुगतान से जुड़े प्रत्येक काम में इनकी संलिप्तता इतनी गहरी है कि अधिकारी भी इनकी महारथ को मानते हैं। विभाग के भीतर इन्हें सोने का अंडा देने वाली मुर्गी जैसा दर्जा प्राप्त है, जिन्हें हटाने से अधिकारी भी कतराते नजर आते हैं। पूर्व में जनपद पंचायत भीमपुर और चिचोली में हुए 13.21 करोड़ और 4.50 लाख रुपए के घोटालों में भी कंप्यूटर ऑपरेटरों की संलिप्तता सामने आ चुकी है। दोनों ही मामलों में एफआईआर दर्ज हो चुकी है और पुलिस आरोपियों की तलाश में है। बावजूद इसके विभाग में अब तक कोई कठोर कदम नहीं उठाया गया।

आय के स्त्रोतों पर उठने लगे सवाल

वन विभाग में प्लांटेशन, निर्माण जैसे कार्यों के भुगतान की पूरी चाबी ऑपरेटरों के हाथ में है। एक इशारा मिलते ही वे पूरे सिस्टम को अपने अनुसार संचालित कर लेते हैं। कई ऑपरेटरों की जीवनशैली में भी अचानक बड़ा बदलाव देखा गया है, इससे उनके आय के स्रोतों पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थिति अब इतनी गंभीर हो चुकी है कि इनकी शिकायतें न सिर्फ वन मुख्यालय उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही हैं, बल्कि सीएम हेल्पलाइन तक भी पहुंच चुकी हैं। आमजन और जागरूक कर्मचारी अब चाहते हैं कि फर्जी खातों और इन ऑपरेटरों की भूमिका की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button