Betul Samachar: सौंदर्यीकरण के लिए खेल विभाग की जमीन पर मुख्य मार्ग पर लगा दिया ट्रांसफार्मर
Betul News: For beautification, a transformer was installed on the main road on the land of the Sports Department

चहूंओर विरोध के बाद नपा बैकफुट पर, अब मांगी जा रही अनुमति
Betul Samachar: बैतूल। इससे बड़ी विडंबना क्या हो सकती है कि नगरपालिका में सीएमओ समेत एई और तीन सब इंजीनियर तकनीकी जानकार है। इसके बावजूद मुल्ला पेट्रोल पंप के सौंदर्यीकरण के लिए ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने के दौरान नपा ने ऐसा कारनामा कर दिया कि चहूंओर विरोध शुरू हो गया है। दरअसल मुल्ला पेट्रोल के पास से बारस्कर कालोनी जाने वाले मार्ग के किनारे सड़क तक ट्रांसफार्मर के पोल आने से नपा की बेतरतीब कार्यप्रणाली उजागर हो गई। बिना प्लानिंग के काम करने का नतीजा है कि अब नपा बैकफुट पर नजर आई है। दूसरी चौकाने वाली बात यह है कि जिस जमीन पर नपा ट्रांसफार्मर लगाया है, यह खेल एवं युवा कल्याण विभाग की है। अब उनसे अनुमति लेने की तैयारी की जा रही है।
यह पहला मौका नहीं है जब बेतरतीब प्लानिंग कर नपा खुद अपने पैर पर कुल्हाड़ी मार रही है। इसके पहले भी कई ऐसे अवसर आए जब बिना प्लानिंग के काम करने से खुद नपा को ही लाखों का फटका लग चुका है, लेकिन कार्यप्रणाली में कोई सुधार नहीं हुआ। ताजा मामला मुल्ला पेट्रोल पंप के सौदर्यीकरण के लिए मुख्य मार्ग पर लगे ट्रांसफार्मर को हटाने के दौरान लापरवाही के रूप में सामने आया है। बताया जाता है कि एस्ट्रोटर्फ मैदान से सटा कोठीबाजार मार्ग की ओर एक ट्रांसफार्मर लंबे समय से लगा हुआ है। इस चौराहे का सौंदर्यीकरण करने के लिए नपा को ट्रांसफार्मर हटाना था। इसके लिए पहले पूरी तैयारी और कागजों को देखे बिना ठेकेदार से ट्रांसफार्मर शिफ्ट कराने शुरू कर दिया। जब बारस्कर कालोनी पहुंच मार्ग पर ट्रांसफार्मर शिफ्ट करना शुरू हुआ तो लोगों का विरोध सामने आया, तब नपा बैकफुट पर आई।
सड़क किनारे तक लगे ट्रांसफार्मर के पोल
नपा ने पहली गलती नए ट्रांसफार्मर को बारस्कर पहुंच मार्ग के किनारे पोल खड़ेकर लगाना शुरू कर दिया। हालांकि अभी तक ठेकेदार राघवेंद्र सिंह ने बिजली कंपनी के साथ मिलकर 6 पोल ही लगाए हैं। एस्ट्रोटर्फ की बाउंड्रीवाल से सटा पोल और आखरी पोल बारस्कर कालोनी पहुंच मार्ग की ओर लगाया गया। चूंकि यह पोल सड़क के एकदम किनारे लगा है, इससे हादसा होने और वाहनों के दुर्घटना होने का बड़ा खतरा था। इसके बाद कालोनी से मुख्य मार्ग से आने जाने वाले लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। सांझवीर टाईम्स के बाद भी क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक लोगों ने नपा की बेतरतीब प्लानिंग पर नाराजगी जताई। हमने इस संबंध में नपा के जिम्मेदारों से बात की तो उन्हें भी अपनी गलती का एहसास हुआ। अब नपा के जिम्मेदार काम रूकवाने का दावा कर रहे हैं।
खेल विभाग से नहीं ली अनुमति
दूसरी चौकाने वाली यह बात उजागर हुई है कि नपा ने ट्रांसफार्मर के लिए पोल भी लगाना शुरू कर दिया, यह भी पता नहीं किया कि जमीन उनके आधिपत्य की है या नहीं? जब विरोध शुरू हुआ तो खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने भी एस्ट्रोटर्फ से सटी अपने विभाग की जमीन पर बिना अनुमति के पोल लगाने पर नाराजगी जताई। इसके बाद नपा की परेशानी दोहरी हो गई। अब नपा विधिवत आवेदन देकर खेल एवं युवा कल्याण विभाग से ट्रांसफार्मर लगाने के लिए जमीन मांग रही है। हालांकि इसके पहले ही यहां पर पोल लगाने पर खुद विवादों में घिर गई।
तकनीकी अमला-ठेकेदार की मनमर्जी
इस पूरे मामले में नपा के तकनीकी अमले और ठेकेदार की लापरवाही भी सामने आई है। कहा जा रहा है कि तकनीकी अमले और ठेकेदार ने विद्युत वितरण कंपनी के साथ मौके का मुआयना कर ट्रांसफार्मर के लिए स्थान चयन किया। हमेशा डिंगे हांकने वाले नपा के कुछ जिम्मेदार और ठेकेदार ने बारस्कर पहुंच मार्ग पर ट्रांसफार्मर के लिए पोल ठोंक डाले। जनप्रतिनिधियों की समय पर काम करने की नसीहत का पालन करने के लिए हवा-हवाई काम कर नई मुसीबत खड़ी कर दी। इससे नपा के जिम्मेदार अधिकारी के साथ ठेकेदार और बिजली कंपनी भी हंसी की पात्र बन गई है। खेल विभाग की जमीन पर बिना एनओसी के लिए पोल लगाने पर खूब जगहसाई हो रही है।
इनका कहना…
ट्रांसफार्मर लगाने के लिए ठेकेदार और हमने बिजली कंपनी के साथ स्थल चयन किया था। बाद में पता चला कि यह जमीन खेल विभाग की है। अब उनसे अनुमति ली जा रही है। लोगों का विरोध भी सामने आ रहा है, इसे भी देखा जा रहा है। जरूरत पड़ी तो ट्रांसफार्मर दूसरी जगह भी शिफ्ट कर सकते हैं।
नीरज धुर्वे, एई नपा बैतूल




