Betul News: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का आरोप- भाजपा के राज में प्रताड़ित हो रहे बैतूल जिले के आदिवासी

मुलताई में पत्रकारवार्ता में लगाए कई गम्भीर आरोप
Betul News: मुलताई। भाजपा के राज में हर जगह आदिवासियों को प्रताड़ित किया जा रहा है। बैतूल में भी ऐसे ही हालात है। यह आरोप प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पत्रकार वार्ता में लगाया। शनिवार को मुलताई पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे के कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में थाना क्षेत्र के ग्राम खेड़ीरामोशी में बीते दिनों आदिवासियों और भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष भास्कर मगरदे के बीच जमीन के सीमांकन को लेकर हुए विवाद के परिप्रेक्ष्य में आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की जब से प्रदेश में सत्ता आई है तब से आज तक भाजपा के मंत्री विधायक और नेताओं द्वारा आदिवासियों की एक लाख 46 हजार हेक्टेयर जमीन खरीदी गई है।
नियमानुसार कलेक्टर की बिना अनुमति से आदिवासियों की जमीन नहीं खरीदी जा सकती है। इस स्थिति में कलेक्टरों ने भी आदिवासियों की भूमि बिकवाने का अपराध किया है ।प्रदेश अध्यक्ष श्री पटवारी ने कहा प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आते ही जांच कर आदिवासियों की बिकी जमीन उन्हें वापस लौटाई जाएगी। श्री पटवारी ने कहा भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष ने आदिवासियों के साथ मारपीट कर गला दबाने का जो कृत्य किया है वह निंदनीय है।
सत्ता के बल पर पुलिस ले जाकर आदिवासियों की जमीन छीनने का प्रयास किया गया।विवाद की शुरुआत भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष ने की। जिस क्षेत्र का सांसद आदिवासी है वहां पर आदिवासियों के साथ अत्याचार हो रहा है और वह सांसद मौन है। श्री पटवारी ने कहा हम भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से आह्वान करते हैं कि आदिवासियों को इस तरह प्रताड़ित करने की घटना पर रोक लगाए।
श्री पटवारी ने कहा आदिवासियों के साथ हो रहे अत्याचार के खिलाफ कांग्रेस हर स्तर पर आदिवासियों के साथ खड़ी रहेगी पूरे केस की जांच होनी चाहिए। वही वही आदिवासियों के खिलाफ सामूहिक एफआईआर का कांग्रेस पुरजोर विरोध कर आदिवासियों को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन भी करेंगी। पत्रकार वार्ता में पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे, कांग्रेस जिला अध्यक्ष निलय डागा भी उपस्थिति थे।




