Betul News: सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद अवैध खनन की जांच करने पहुंची टीम
Betul News: After complaint on CM helpline, team arrived to investigate illegal mining

120 घनमीटर खनन पाया गया, वाहन चालकों की तलाश के बाद बनेगा मामला
Betul News: बैतूल। आमला ब्लाक के अंधारिया गांव में बड़े पैमाने पर अवैध खनन की शिकायत पर खनिज विभाग हरकत में आ गया है। यह शिकायत ग्रामीणों ने सीधे हेल्पलाइन पर की थी। दो दिन पहले की इस शिकायत का त्वरित असर देखने को मिला और खनिज विभाग के निरीक्षक बीएल नागवंशी के नेतृत्व में टीम गुरुवार अंधारिया पहुंची।
शिकायकर्ता संदीप नरवरे एवं अन्य की शिकायत के आधार पर अंधारिया में खनिज विभाग की टीम ने जिस जगह अवैध खनन हुआ है, उसकी नपाई की तो करीब 120 मीटर अवैध खनन पाया गया। हालांकि मौके पर कोई भी वाहन खनन करते नहीं मिला, इसलिए पंचनामा बनाकर संबंधित वाहन चालकों की तलाश की जा रही है। इसके बाद खनिज विभाग वाहन पर प्रकरण बनाएगा।
बताया जाता है कि अंधारिया में लंबे समय से खुदाई कर मुरम का खनन किया जा रहा था, लेकिन कोई कार्रवाई नही की जा रही थी। इसी से परेशान होकर शिकायकर्ता संदीप नरवरे ने 22 जुलाई को सीएम हेल्पलाइन में शिकायत की थी। इनका आरोप था कि गांव में अवैध खनन हो रहा है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। आखिर खनिज विभाग की टीम को गुरुवार गांव में पहुंचकर कार्रवाई करना पड़ा। हालांकि टीम ने अवैध खनन की नपाई की। इस दौरान माफियाओं ने 120 घनमीटर खुदाई की थी।
चूंकि मौके पर कोई वाहन नहीं मिला, इसलिए वाहन की तलाश की जा रही है। खनिज निरीक्षक नागवंशी ने बताया कि वाहन की तलाश की जा रही है। इसके बाद प्रकरण दर्ज किया जाएगा। दूसरी तरफ खनिज विभाग की टीम के गांव में पहुंचने के बाद गांव में हड़कंप मचा हुआ है। टीम के आने की खबर पहले ही मिलने पर पहले ही सभी भूमिगत हो गए। ग्रामीणों ने टीम के पहुंचने और पंचनामा बनाने पर राहत की सांस ली है।




