Betul Samachar: वाइट टॉपिंग सड़क निर्माण में कहीं चौड़ाई ज्यादा तो कहीं कम

Betul News: In white topping road construction, somewhere the width is more and somewhere it is less

बीच सड़क में खड़े बिजली पोल बने बाधा, यातायात पर पड़ेगा असर, सड़क की छिलाई अधूरी

Betul Samachar: बैतूल। शहर के मुख्य मार्ग सदर से कोतवाली चौक तक लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाई जा रही वाइट टॉपिंग सड़क निर्माण में अव्यवस्थाओं का अंबार नजर आने लगा है। करीब दो किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण अत्याधुनिक मशीनों से किया जा रहा है, लेकिन कार्य में समरूपता का अभाव स्पष्ट दिखाई दे रहा है। कहीं सड़क की चौड़ाई तय मानक 7 मीटर से ज्यादा है, तो कहीं यह 6 मीटर से भी कम कर दी गई है।

सबसे बड़ी समस्या पुराने बिजली के पोल बन रहे हैं, जो सड़क के बीचों-बीच खड़े हैं और निर्माण कार्य में बाधक बन रहे हैं। इससे सड़क कहीं घुमावदार बन रही है तो कहीं संकरी, जिससे न केवल सड़क की सुंदरता प्रभावित होगी, बल्कि आने वाले समय में यातायात व्यवस्था भी चरमराने की आशंका है।

जेल के सामने सड़क पर अटका बिजली पोल

पिछले तीन दिनों से रात में सड़क की छिलाई का कार्य किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, इस वाइट टॉपिंग सड़क की लंबाई दो किलोमीटर और चौड़ाई 7 मीटर (लगभग 24 फीट) निर्धारित की गई है, लेकिन मौके पर निरीक्षण में साफ देखा जा सकता है कि लल्ली चौक से जेल के बीच में सड़क के बीचों-बीच बिजली पोल आ रहा है, जिससे सड़क को मजबूरन घुमावदार बनाया जा रहा है। यही स्थिति मरही माता मंदिर मार्ग और नपा कॉम्प्लेक्स से थाना चौक के बीच भी देखी गई, जहां एक ओर सड़क चौड़ी है, तो दूसरी ओर बेहद संकरी।

पर्याप्त स्थान होते हुए भी अधूरा कार्य

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जहां पर्याप्त स्थान है, वहां भी छिलाई का कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। इससे आने वाले समय में यातायात की गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है। थाना चौक रोड पर वाहनों का दबाव अत्यधिक रहता है और सप्ताह में दो दिन यहां सब्जी बाजार भी लगता है। संकरी और असमान चौड़ाई की सड़क के कारण दुकानें अनियमित रूप से लगेंगी, जिससे यातायात प्रभावित होगा और जाम की स्थिति बन सकती है।

नागरिकों ने की समरूपता की मांग

नागरिकों की मांग है कि पूरी सड़क को तय मानकों के अनुसार एक समान चौड़ाई में तैयार किया जाए, ताकि भविष्य में कोई अव्यवस्था न हो और सड़क की सौंदर्यता भी बनी रहे। वाइट टॉपिंग जैसी आधुनिक सड़क योजना से शहर को लाभ मिल सकता है, बशर्ते निर्माण कार्य गुणवत्ता और योजना अनुरूप हो।

इनका कहना है….

सड़क निर्माण कार्य प्रारंभिक चरण में है। प्रोजेक्ट के अनुसार सड़क की पूरी चौड़ाई 7 मीटर ही रखी जाएगी। निर्माण कार्य तय मापदंडों के अनुरूप ही पूर्ण किया जाएगा।

डीएस परमार, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग, बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button