Betul News: जयकारों के साथ सालबर्डी के लिए रवाना हुई मां ताप्ती सर्वमंगल कावड़ यात्रा

Betul News: Maa Tapti Sarvamangal Kavad Yatra left for Salbardi with cheers

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री ने भी कंधे पर रखकर की कावड़ यात्रा की शुरुआत

Betul News: मुलताई। श्रावण मास के पावन अवसर पर शुक्रवार को आदि गंगा सूर्यपुत्री मां ताप्ती के उद्गम स्थल से मां ताप्ती सर्वमंगल कावड़ यात्रा का भव्य शुभारंभ हुआ। शिवधाम सालबर्डी के लिए रवाना हुई इस पवित्र यात्रा में जयकारों की गूंज, श्रद्धा का सैलाब और राजनीतिक-धार्मिक सहभागिता देखने को मिली।

शुभारंभ अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उईके, जनअभियान परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष मोहन नागर, विधायक चंद्रशेखर देशमुख, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार, बबल शुक्ला सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने ताप्ती मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद ताप्ती सरोवर में अभिषेक कर कावड़ पूजन किया।

ताप्ती सरोवर से भरा गया पवित्र जल, शिवधाम के लिए बढ़े कावड़िए

पूजन के उपरांत श्रद्धालुओं ने कावड़ में मां ताप्ती का पवित्र जल भरा और गगनभेदी “हर हर महादेव” के उद्घोष के साथ यात्रा आरंभ हुई। हेमंत खंडेलवाल सहित अन्य अतिथियों ने भी कंधे पर कावड़ रखकर ताप्ती सरोवर की परिक्रमा की और फिर यात्रा को मासोद तिराहा से अगले पड़ाव की ओर रवाना किया।

तीन दिन, तीन रात्रि विश्राम, अंत में होगा रुद्राभिषेक

यात्रा शुक्रवार को रायआमला होते हुए ग्राम आष्टा पहुंचेगी, जहां भवानी मंदिर में पहला रात्रि विश्राम होगा।

19 जुलाई को यात्रा मासोद, पांच पांडव, इटावा होते हुए गेहूंबारसा पहुंचेगी, जहाँ दूसरा विश्राम होगा।

20 जुलाई को कावड़ यात्रा चारसी गांव में गौ पूजन के पश्चात बोरपेड होते हुए शिवधाम सालबर्डी पहुंचेगी।

21 जुलाई सोमवार को भोलेनाथ के दरबार में रुद्राभिषेक और महाआरती के साथ इस धार्मिक यात्रा का समापन होगा।

धार्मिक रंग में रंगा वातावरण, समाजसेवी व संगठन भी रहे शामिल

यात्रा के शुभारंभ अवसर पर पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य शुक्ला, बाबा माकोड़े, नपाध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर, विधानसभा संयोजक जगदीश पवार, जिला उपाध्यक्ष मनीष माथनकर, भाजयुमो जिला अध्यक्ष भास्कर मगरदे, नमन अग्रवाल, उपेंद्र पाठक सहित जिले भर के धार्मिक संगठन, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन स्थल पर भजन-कीर्तन और जल सेवा की भी विशेष व्यवस्था रही।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button