Betul News : रिश्वत मामले में डॉ धाकड़ सहित पांच नर्सिंग स्टाफ को थमाएं नोटिस

तीन सदस्यी डॉक्टरों की टीम जांच में जुटी,पांच दिन बाद सौंपेंगे रिपोर्ट

Betul News : बैतूल। जिला अस्पताल में सीजर आपरेशन करने के लिए पांच हजार की राशि लिए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में सिविल सर्जन डॉ जगदीश घोरे ने महिला रोग विशेषज्ञ डॉ वंदना धाकड़ और पांच नर्सिंग स्टाफ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जांच में दोषी पाए गए तो संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की हो सकती है।

जानकारी के मुताबिक आठनेर ब्लाक के ग्राम अंधेरबावड़ी निवासी जयदेव सेलुकर ने अपनी शिकायत में बताया कि 29 जून को जिला अस्पताल में प्रसव के लिए पत्नी संगीता को भर्ती किया गया। 1 जुलाई तक प्रसव नहीं हुआ। प्रसव के लिए पांच हजार रुपए की मांग की जा रही थी। पांच हजार देने के बाद सीजर आपरेशन किया गया। जयदेव सेलुकर ने डॉ वंदना धाकड़ पर रिश्वत लेने का आरोप लगाया है। कार्रवाई के लिए आदिवासी युवकों ने गुरुवार शाम को अस्पताल परिसर में प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की।

शिकायत पर सीएमएचओ डॉ मनोज हुरमाड़े ने तत्काल डॉ धाकड़ को मेटरनिटी वार्ड से हटा दिया है। सिविल सर्जन ने इस मामले में डॉ सहित पांच स्टाफ नर्सिग को कारण बताओ नोटिस जारी किया और रिश्वत मामले में जवाब मांगा है। रिश्वत मामले की जांच के लिए तीन डाक्टरों की टीम बनाई है, जिसमें डॉ परिहार, डॉ रूपेश पदमाकर और शाहपुर के डॉ एसके रघुवंशी शामिल है। इन तीनों सीनियर डॉक्टरों द्वारा रिश्वत मामले की जांच की जाएगी। यह जांच रिपोर्ट सिविल सर्जन और सीएमएचओ को सौंपी जाएगी। दोषी पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सिविल सर्जन ने महिला इकाई का किया निरीक्षण

सीजर आपरेशन के नाम पर पांच हजार रुपए लिए जाने के आरोप लगने के बाद शुक्रवार को सिविल सर्जन डॉ घोरे और आरएमओ डॉ रानू वर्मा ने महिला शिशु चिकित्सा इकाई का निरीक्षण किया और डाक्टरों और स्टाफ को निर्देश दिए हैं कि आपरेशन के लिए महिला और उनके परिजनों को किसी प्रकार से परेशान न किया जाए। किसी भी डॉक्टर और स्टाफ द्वारा परेशान किए जाने की जानकारी सामने आने पर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। भर्ती गर्भवती महिलाओं और परिजनों से कहा गया कि सीजर के नाम पर किसी को भी पैसे न दिए जाए। अस्पताल में निशुल्क आपरेशन किए जाते हैं।

अलग-अलग बयानों में उलझी जांच

सीजर आपरेशन के लिए रुपए लिए जाने के संबंध में अलग-अलग बयान सामने आने के बाद जांच टीम भी उलझी हुई है। शिकायतकर्ता जयदीप सेलुकर ने सीएमएचओ से की लिखित शिकायत में बताया कि नर्सिंग स्टाफ द्वारा आपरेशन के लिए पांच हजार रुपए लिए गए। जबकि प्रदर्शन के दौरान शिकायतकर्ता ने अधिकारियों से डॉ वंदना धाकड़ द्वारा राशि लिए जाने का आरोप लगाया है। शिकायकर्ता द्वारा कभी नर्सिंग स्टाफ तो कभी डॉक्टर को रुपए दिए जाने की बात कही जा रही है। इसमें जांच भी उलझते दिखाई दे रही है। शिकायतकर्ता के अलग-अलग बयान सामने आ रहे हैं। हालांकि इस मामले की जांच होने के बाद ही सच सामने आएगा।

इनका कहना…
रिश्वत लिए जाने की शिकायत मिलने के बाद डॉक्टर और पांच नर्सिंग स्टाफ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इस मामले की जांच के लिए तीन डॉक्टरों की टीम भी गठित की है।
डॉ. जगदीश घोरे, सिविल सर्जन, जिला अस्पताल बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button