Betul Crime News – चौपाटी पर चोरों का आतंक: 7 दुकानों के ताले टूटे, नकदी और सिलेंडर चोरी
दुकानों में तोड़फोड़ भी, एक संदिग्ध युवक पकड़ाया

Betul Crime News : बैतूल। शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात शहर की सबसे व्यस्त चौपाटी पर अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। चोरों ने गंज थाना परिसर से महज 25 मीटर की दूरी पर स्थित करीब सात दुकानों के ताले तोड़कर नकदी चुरा ली। वारदात के दौरान चोरों ने कुछ दुकानों में तोड़फोड़ भी की, जिससे दुकानदारों को दोहरी क्षति उठानी पड़ी।
शनिवार सुबह कारगिल चौक के पास दुकानदारों की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी, जो गैस सिलेंडर लेकर जा रहा था। शक होने पर लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। युवक से पूछताछ जारी है, और संभावना जताई जा रही है कि उसके जरिए चोरी में शामिल अन्य आरोपियों तक भी पुलिस पहुंच सकती है।
कोतवाली थाने में दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद पीड़ित दुकानदारों ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। व्यापारी वर्ग में इस घटना को लेकर खासा आक्रोश है, क्योंकि यह वारदात पुलिस थाने के इतने नजदीक हुई है, जहां असामाजिक तत्वों की इतनी हिम्मत पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े करती है।
अज्ञात चोरों ने यहां ओम चाइनीज सिंगाजी चायनीज, सांई कृपा चायनीज, श्रीनाथ पावभाजी, श्रीगणेश और कल्पना चायनीज सहित डेलिशियस पिज्जा दुकान के ताले तोड़ डाले। पीडि़त दुकानदारो के मुताबिक चोरों ने करीब 8 हजार रुपए मूल्य की खाद्य सामग्री सहित करीब 3 से 4 हजार की नगदी दुकानों से चोरी की है। चौपाटी क्षेत्र के व्यापारियों का कहना है, कि आए दिन यहां चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन गश्त और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। पीडि़त दुकानदारो ने जल्द कार्यवाही करने की मांग करते हुए, गश्त बढ़ाये जाने की गुहार पुलिस से लगाई है।




