Jila Aspatal Betul: नए अस्पताल में ठंडे बस्ते में ओटी निर्माण कार्य तीन माह पहले मुख्यमंत्री ने किया था उद्घाटन
Jila Aspatal Betul: OT construction work in cold storage in new hospital was inaugurated by Chief Minister three months ago
Jila Aspatal Betul: (बैतूल)। करोड़ों की लागत से नवनिर्मित अस्पताल भवन का निर्माण कार्य हुआ है, लेकिन अस्पताल में निर्माण कार्य हुआ है, लेकिन ऑपरेशन थियेटर का निर्माण नहीं होने से अस्पताल में वार्ड शिफ्ट नहीं हो पाए है। ओटी निर्माण का कार्य अभी भी ठंडे बस्ते में है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तीन माह पहले अस्पताल का उद्घाटन किया था। जिला अस्पताल परिसर में लगभग 19 करोड़ की लागत से डेढ़ सौ बिस्तरीय अस्पताल भवन का निर्माण किया है।
भवन में महिला एवं बाल रोग इकाई संचालित की जाएगी। 3 अप्रैल को बैतूल पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अस्पताल का शुभारंभ किया था। अस्पताल का शुभारंभ तो हो गया, लेकिन अभी ऑपरेशन थियेटर का निर्माण नहीं हुआ है, जिसके कारण नवनिर्मित अस्पताल भवन में वार्ड शिफ्ट नहीं हो पाए है। जब तक ओटी का निर्माण नहीं होता वार्ड शिफ्ट नहीं होंगे। ओपनिंग के बाद से ही ऑपरेशन थियेटर बनाने की प्रक्रिया ठंडे बस्ते में है। शुभारंभ के तीन माह बाद भी अभी तक ऑपरेशन थियेटर के निर्माण को लेकर कोई टेंडर नहीं हुए है, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि अभी कई महीने तक नए अस्पताल भवन में वार्ड शिफ्ट नहीं हो सकेंगे। अधिकारी ऑपरेशन थियेटर के निर्माण की प्रक्रिया शासन स्तर से होना बता रहे है। कुछ दिन पहले कमिश्रर और कलेक्टर ने जिला अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्था देखी, इस दौरान अधिकारियों को ऑपरेशन थियेटर के संबंध में जानकारी दी है।
अधिकारियों ने भी इस मामले को संज्ञान में लेते हुए जल्द कार्रवाई पूरी करने का आश्वासन दिया है। भवन निर्माण के समय नहीं रखा ध्यान अस्पताल भवन निर्माण के समय ऑपरेशन थियेटर के निर्माण कार्य पर ध्यान नहीं दिया गया। नतीजा यह निकला कि भवन निर्माण कार्य तो हो गया, लेकिन ओटी का निर्माण नहीं हो पाया। अब अस्पताल भवन निर्माण होने के बावजूद भी वह खाली पड़ा है। डॉक्टरों का कहना है कि जब तक ऑपरेशन थियेटर नहीं बनता तब तक वार्डो को शिफ्ट करना मुश्किल है। नवनिर्मित अस्पताल भवन में महिला एवं बाल रोग इकाई संचालित होगी। महिला और बच्चा वार्ड को इस नवनिर्मित अस्पताल में शिफ्ट किया जाएगा। यहीं पर महिलाओं को सारी सुविधाएं एक ही भवन में उपलब्ध होगी। अभी ट्रामा सेंटर प्रथम मंजिल पर महिला वार्ड संचालित हो रहा है। जगह कम होने के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
नया भवन में वार्ड शिफ्ट होने के बाद कम जगह से हो रही परेशानी से निजात मिलेगी। टेंडर प्रक्रिया में हो सकता है विलंब अधिकारियों का कहना है कि टेंडर प्रक्रिया में और कुछ दिनों का वक्त लग सकता है। अस्पताल प्रबंधन द्वारा शासन स्तर तक पत्र लिखकर यथा स्थिति के बारे में अवगत करा दिया है। जब टेंडर प्रक्रिया पूरी होगी इसके बाद ओटी का निर्माण कार्य शुरू होगा। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने और निर्माण कार्य पूरा होने के लिए 6 से 7 महीने का और वक्त लग सकता है। संभावना जताई जा रही है कि इस वर्ष के आखरी महीने तक ओटी का निर्माण कार्य पूरा होने की संभावना है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ओटी के निर्माण को लेकर कुछ अधिक कहने की स्थिति में नहीं है। क्योंकि यह शासन स्तर का मामला है। नए अस्पताल भवन निर्माण और वार्ड शिफ्ट होने के बाद स्टॉफ की भी आवश्यकता पड़ेगी, इसलिए अस्पताल प्रबंधन ने स्टॉफ के संबंध में भी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को भेजी है।
इनका कहना...
नए अस्पताल भवन में ऑपरेशन थियेटर निर्माण को लेकर अभी तक कोई टेंडर नहीं हुए है। इसके टेंडर शासन स्तर से होना है। जब तक ओटी का निर्माण नहीं होता वार्ड शिफ्ट नहीं किए जा सकते।
डॉ सुरेश बौद्ध, सीएमचओ, बैतूल




