Betul News: Video: अहिल्या- दुर्गावती और झांसी की रानी से प्रदेश की पहचान
Betul News: The state is identified with Ahilya- Durgavati and the queen of Jhansi

मुख्यमंत्री ने 464 करोड़ के कामों का शिलान्यास- भूमिपूजन किया, लेकिन सारणी- आमला के लिए नहीं की कोई बड़ी घोषणा, विरोध करने वाले कांग्रेसी हिरासत में
Betul News: सारणी (कालीदास चौरासे/ अंकित यादव/ विनोद पातरिया/ दुर्गाप्रसाद जौँजारे)। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि महारानी अहिल्या बाई, रानी दुर्गावती और झांसी की रानी से प्रदेश की पहचान है। तीनों ने प्रदेश में जन्म लेकर इस माटी को अमर कर दिया है। आज हम लोकमाता अहिल्या के 300वीं जयंती पर कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं, तब इनके समाज में दिए योगदान को याद करना आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने यह बात बैतूल जिले के बगडोना में स्व सहायता समूह के सम्मेलन और 464 करोड़ के विभिन्न कार्यों के भूमिपूजन- लोकार्पण के अवसर पर कही। कार्यक्रम में पूरे जिले से बड़ी संख्या में स्व सहायता समूह की महिलाएं और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सीएम ने कहा कि विकास कार्यों की बात आती है तो सरकार खुले दिन से इस कमी को पूरा करेगी। हर क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देना उनका लक्ष्य है। उन्होंने सारणी में आयोजित सम्मेलन में कहा कि आज स्वसहायताा के माध्यम से मोदी जी कह रहे थे कि महिलाओं के लिए आमदानी बढ़े। इसके लिए हमारी सरकार काम कर रही है। धीरे-धीरे कर आज भी मप्र में नई फैक्ट्री लग रही है। रेडीमेट की फैक्ट्री में माताएं काम करेगी। आज हम अच्छे मानदेय में काम करा रहे हैं। स्कूल जाओ तो कापी पुस्तक फ्री, दूर है तो साइकिल फ्री, मेरिट पर आने पर स्कूटी फ्री, विदेश जाओ तो छात्रवृत्ति फ्री दी जा रही है।

हमारी बहनों के लिए जो अच्छा कर सकते हैं, वह काम हम कर रहे हैं। जो भी हो सकेगा हमारी बहनों के लिए वह करेंगे। उन्होंने कहा कि आतंकवादी हमारे देश में आए तो हमने उसका जवाब कैसे दिया, पूरे देश ने देखा। आने वाले समय में पूरा देश सुरक्षित रहकर विकास करेगा। जब मोदी जी ने जवाब दिया तो पूरी दुनिया ने देखा। आज पांच सौ करोड़ के कामों का भूमिपूजन हो रहा है। उन्होंने कहा कि यहां पर कई अलग-अलग काम चल रहे हैं। हमारी सभी संस्थान, जिनके घर गाय है, हम गोकुल , वृदांवन बनाने निकले हैं। जहां- जहां भगवान कृष्ण लीलाएं की है, जहां-जहां राम जी गए वहां पर तीर्थ स्थल बना रहे हैं।
1.15 मिनट देरी से उतरा सीएम का उड़नखटोला
डॉ यादव को बगडोना हवाई पट्टी पर निर्धारित 1.30 आना था, लेकिन भोपाल में व्यस्तता के कारण उनका उड़नखटोला 1.15 मिनट देरी से करीब 2.44 बजे उतरा। इस दौरान बड़ी संख्या में मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया गया। हेलीपेड पर प्रभारी मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, स्थानीय विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे समेत विधायकगण महेंद्र सिंह चौहान, गंगा उइके, चंद्रशेखर देशमुख, जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर ने स्वागत किया। हेलीकाप्टर से उतरकर मुख्यमंत्री ने चिर परिचित अंदाज में लोगों का अभिवादन किया। इस दौरान लोगों ने मुख्यमंत्री के जिंदाबाद के नारे लगाए।
रोड शो में उमड़ा सैलाब, जगह-जगह जोशीला स्वागत
मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार सारणी प्रवास पर आए डॉ मोहन यादव का कालीमाई से शोभापुर तक करीब दो किमी तक रोड शो हुआ। 45 मिनट तक चले इस रोड शो में मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए हजारों की संख्या में सड़क के दोनों ओर लोग खड़े थे। रथ में मुख्यमंत्री के अलावा प्रभारी मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल , विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे, नपा अध्यक्ष किशोर बरदे पूरे समय उनके साथ रहे। सड़क के दोनों ओर मुख्यमंत्री पर दो किमी के मार्ग पर फूलों की जगह-जगह बारिश हुई। कई सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक, श्रम संगठन के अलावा आम लोगों ने मुख्यमंत्री का जगह-जगह स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी का अभिवादन किया। रोड शो शोभापुर पर दोपहर 3.30 बजे खत्म हुआ।
स्टॉल और प्रदर्शनी का किया अवलोकन
मुख्यमंत्री ने रोड शो खत्म होने के बाद सबसे पहले सभा स्थल पर पहुंचकर स्वसहायता समूह द्वारा लगाए गए स्टॉल और प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने समूह द्वारा निर्मित उत्पादों की मुक्तकंठ से प्रशंसा कर महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। इसके बाद मंच पर पहुंचकर दीप प्रज्जवलन, माल्यार्पण और कन्या पूजन किया। क्षेत्रीय विधायक डॉ पंडाग्रे समेत अन्य विधायकों और नपा अध्यक्ष बरदे ने फूल मालाओं से स्वागत किया। इसके बाद विकास पुस्तिका का भी विमोचन किया है।
इस पुस्तिका में लखपति दीदी अभियान के तहत किए जा रहे कामों पर आधारित लघु फिल्म भी दिखाई गई। जिले की स्वसहायता समूह के स्टार्टअप पर प्रस्तुतिकरण के बाद मुख्यमंत्री ने 464.55 करोड़ की लागत से विभिन्न विकास कार्य का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके, प्रभारी मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, विधायकगण चंद्रशेखर देशमुख, महेंद्र सिंह चौहान, गंगा उइके, जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर आदि मौजूद रहे।
सीएम के पास जब गया, तब उन्होंने दी सौगात: डॉ पंडाग्रे
कार्यक्रम को संबोधित करते क्षेत्रीय विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे ने कहा कि आज गर्व की बात है कि भगवान महाकाल के परम भक्त डॉ मोहन यादव हमारे बीच उपस्थित हुए हैं। उन्होंने कहा कि जब वे सीएम बने थे तो विपक्षी मित्र कहते थे कि सारी योजनाएं बंद हो जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ, बल्कि योजनाएं शुरू होने के साथ और बड़ी है। डॉ पंडाग्रे ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए जब भी वे सीएम से मिलने गए कभी खाली हाथ नहीं लौटे। मुलाकात के दौरान आमला में पेयजल समस्या से अवगत कराया तो तीन बड़े डैम स्वीकृत किए गए। सड़कों की समस्या आई तो पंद्रह सड़कों की सौगात भी दी।
उन्होंने कहा कि आमला ऊंचाई पर इसलिए पानी की समस्या से निजात दिलाने के लिए तीन बड़े डैम आने वाले समय में कारगार होंगे। उन्होंने कहा कि जब सारणी को लेकर बात होती है तो प्लांट की बात होगी। आज इस प्लांट से बिजली आपूर्ति की जा रही है, यह जिले की बड़ी संस्था है। यहां निर्माण के लिए सीएम के पास पहुंचा तो इसके निर्माण की भी स्वीकृति दी। आज मैं सारणी के लोगों की तरफ से इस सौगात के लिए सीएम का आभार मानता हूं।

सीएम को काले झंडे दिखाने पहुंचे कांग्रेसियों का अर्धनग्र प्रदर्शन, गिरफ्तार
बैतूल। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के सारणी दौरे के दौरान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के घेराव की चेतावनी दी थी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत वागद्रे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सारणी क्षेत्र की समस्याओं और अधूरे फोरलेन पर टोल टैक्स समेत रोजगार के अवसर सृजन करने, नई यूनिटों का निर्माण जल्दी करने को लेकर घेराव की चेतावनी दी थी। मुख्यमंत्री के आगमन के पहले वागद्रे के नेतृत्व में आधा सैकड़ा कांग्रेसी जैसे ही सलैया पहुंचे पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया। कांगे्रसी काले कपड़े और काली पट्टी बांधकर सीएम का विरोध करने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान अर्धनग्न होकर कांग्रेसियों ने जमकर प्रदर्शन किया।
कांग्रेेसियों के हाथ में काले झंडे भी थे, लेकिन भारी पुलिस मौजूदगी ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया। धक्का-मुक्की के बाद वागद्रे समेत मनोज मालवे, भूषण कांति, पिंटिश नागले समेत आधा सैकड़ा कांग्रेसियों ने पुलिस ने बसों में बैठाकर पहले डूंगरी, फिर रानीपुर थाने लेकर चली गई। बताया जाता है कि सीएम के जाने के बाद ही कांग्रेसियों को छोड़ा जाएगा। इधर चिचोली और भीमपुर में हुए 13 करोड़ के घोटाले पर सेवादल के प्रदेश सचिव मनोज आर्य भी गुपचुप तरीके से बगडोना पहुंच गए। वे अपने आधा दर्जन समर्थकों के साथ आगे जाने की चेष्टा कर रहे थे, लेकिन पुलिस उन्हें भी यहां से जबरदस्ती हिरासत में ले लिया। इससे कांगे्रसियों ने जमकर नारेबाजी की। बाद में पुलिस ने उन्हें रानीपुर थाना भेज दिया।




