Betul Raid News : बैतूल की टीम का सागर के फर्नीचर मार्ट पर छापा
Betul Raid News: Betul team raids Sagar's Furniture Mart

बड़ी मात्रा में सागौन की लकड़ियां जब्त, मिल संचालक समेत 6 आरोपी गिरफ्तार
Betul Raid News : बैतूल। मोतीनगर क्षेत्र में स्थित एक फर्नीचर टाल पर वन विभाग की संयुक्त टीम ने रविवार को छापामार कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में सागौन की लकड़ी जब्त की है। कार्रवाई बैतूल और सागर वन विभाग की संयुक्त टीम ने की। टाल पर दबिश के दौरान एक ट्रक और एक पिकअप वाहन में भरी सागौन की लकड़ी जब्त की गई, जिसे बाद में विभागीय कार्यालय में सुरक्षित रखा गया है। वन विभाग ने कुख्यात वन माफिया राजू वाड़िवा को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर 6 अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रहे हैं। आरोपियों के कब्जे से 70 घनमीटर चिरान जब्त की है। वन विभाग की टीम ने सागर के प्रबंधक जगदीश श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार बैतूल वन विभाग को सूचना मिली थी कि बैतूल से अवैध रूप से सागौन की लकड़ी सागर में भेजी गई है और वहां बेची जा रही है। इस इनपुट के आधार पर बैतूल की टीम ने सागर का रुख किया और मोतीनगर चौराहे के पास भोपाल रोड पर स्थित श्रीनाथ टिंबर फर्नीचर टाल पर सागर वन विभाग की टीम के साथ संयुक्त रूप से दबिश दी।

ट्रक और पिकअप में भरी थी लकड़ी
दबिश के दौरान टाल परिसर से बड़ी मात्रा में सागौन की लकड़ी बरामद हुई। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक ट्रक और एक पिकअप वाहन में भरी सागौन की लकड़ी जब्त की। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उक्त लकड़ी को सागर वन विभाग कार्यालय में सुरक्षित रखा गया है। वन विभाग की टीम ने टाल संचालक से सागौन की खरीदी से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा है। टीम इस बात की जांच कर रही है कि उक्त सागौन की लकड़ी कहां से खरीदी गई, उसका स्रोत क्या है, और इसमें कितनी मात्रा वैध है और कितनी अवैध।
कार्रवाई जारी, दस्तावेज मिलने पर आगे की कार्रवाई तय
फिलहाल विभाग की ओर से दस्तावेजों की जांच की जा रही है और खरीदी से जुड़े पक्षों को भी चिन्हित करने की कोशिश हो रही है। जांच पूरी होने के बाद टाल संचालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इनका कहना…
सूचना पर वन विभाग की टीम ने सागर के फर्नीचर मार्ट पर छापा मारा। बड़े पैमाने पर यहां से सागौन जब्त की। मिल संचालक और आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
नवीन गर्ग, डीएफओ उत्तर वन मंडल, बैतूल




