Betul Samachar: सामर्थ्य से स्वाभिमान थीम पर होगा सारणी में सीएम का कार्यक्रम, जिले में 330 करोड़ के 5924 कार्यों के लिए सीएम करेंगे लोकार्पण- भूमिपूजन
Betul News: CM's program will be held in Sarni on the theme of self-respect with strength, CM will inaugurate 5924 works worth Rs 330 crore in the district - Bhoomi Pujan

Betul Samachar: बैतूल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में 28 मई को सारणी में भव्य स्व-सहायता समूह सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह सम्मेलन सामर्थ्य से स्वाभिमान थीम पर आधारित होगा, जिसमें जिले को विकास कार्यों की कई महत्वपूर्ण सौगातें भी मिलेंगी।
सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने सम्मेलन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने हेलीपैड, मंच निर्माण, प्रदर्शनी, मंच संचालन, लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम, लोकमाता अहिल्याबाई देवी पर केंद्रित कार्यक्रम, जन दर्शन तथा हितग्राहियों को हितलाभ वितरण सहित सभी पहलुओं की सघन तैयारियों के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पेयजल व्यवस्था के लिए कार्यक्रम स्थल पर पानी के टैंकर लगाने, सुगम पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने एवं चिकित्सा दल तैनात करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं रहनी चाहिए।

समग्र से ई-केवाईसी के लिए अभियान
बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि शेष बचे हितग्राहियों का समग्र पोर्टल से ई-केवाईसी सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। इसके लिए ग्राम स्तर पर भ्रमण करने वाली टीमें गठित की जाएं। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में नजूल पट्टों के नवीनीकरण की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कराएं। उन्होंने कहा कि जिन हितग्राहियों ने नोटिस के बावजूद नवीनीकरण नहीं कराया है, उनके पट्टे निरस्त करने की कार्रवाई की जाए। शुक्रवार तक 60 प्रतिशत प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
केसीसी और जल गंगा अभियान की समीक्षा
बैठक में पशुपालन विभाग अंतर्गत केसीसी प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने धीमी प्रगति पर असंतोष जताते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र प्रकरण स्वीकृत एवं वितरित करने के निर्देश दिए।1इसके अलावा, जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन की गतिविधियों की समीक्षा भी की गई। कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग को सभी नहरों को राजस्व अभिलेख में दर्ज कराने की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में कोताही ना बरते
कलेक्टर ने बैठक के दौरान सीएम हेल्पलाइन के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि लंबित शिकायतों का भी त्वरित और प्रभावी निराकरण किया जाना चाहिए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अक्षत जैन, अपर कलेक्टर राजीव नंदन श्रीवास्तव, संयुक्त कलेक्टर मकसूद अहमद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।
330 करोड़ के 5924 कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन करेंगे सीएम
मुख्यमंत्री डॉ. यादव 28 मई को सारनी में कुल 5924 कार्यों का भूमि पूजन-लोकार्पण करेंगे। इसकी कुल लागत 330 करोड़ 71 लाख रूपए बताई गई है। प्रशासनिक लोकार्पण वाले कार्य में पीएचई के 41, व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के 1, पीडब्ल्यूडी के 17, पीआईयू के 6, आरईएस के 7, पीएचई के 10, जनजातीय कार्य विभाग के 3, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के 2 कार्य 192.68 लाख की लागत से लोकार्पित होगे। इसी तरह पीएचई के 8, आरईएस के 5794, पीडब्ल्यूडी के 5, जनजातीय कार्य विभाग के 3, नगरीय प्रशासन एवं आवास विभागी के 2, खनीज विभाग के 10 और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 15 कामों के लिए कुल 138.03 लाख के लिए भूमि पूजन होगा।




