Betul Samachar: यादव समाज पर दोहरे रवैये पर घिरी घोड़ाडोंगरी विधायक, एक बयान में यादव समाज को जीत का दिया श्रेय तो दूसरे में यादवों के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी

Betul News: Ghoradongri MLA surrounded for double standards on Yadav community, in one statement credited the Yadav community for the victory and in the other warned of agitation against Yadavs

विधायक से नाराज होकर यादव समाज सड़क पर उतरा, एसपी को सौंपा ज्ञापन

Betul Samachar: बैतूल। घोड़ाडोंगरी की भाजपा विधायक अपनी विवादित कार्यप्रणाली को लेकर सुर्खियां बटोर रही है। पूर्व पर उन पर युदवंशी समाज के राष्ट,ीय अध्यक्ष ने अपमान का आरोप लगाकर पुतला दहन की चेतावनी दी थी। अब विधायक ने इस मामले में चुप्पी तोड़ते हुए एक बयान जारी कर आरोप लगाने वाले पवन यादव पर तथ्यहीन आरोप लगाए जाने की बात कही है।

उन्होंने इसी बयान में यादव समाज के कारण अपनी जीत की बात दोहराई है, लेकिन इसी दिन एसपी को एक पत्र लिखकर अपने क्षेत्र के ही एक कुछ यादव समाज के लोगों पर एफआईआर न होने के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है। इसमें यादव समाज के लोगों द्वारा आदिवासियों के साथ मारपीट करने का उल्लेख किया गया है। हालांकि विधायक ने जो पत्र एसपी को लिखा है, वह स्वत: ही बता रहा है कि उन्हें इस बारे में संज्ञान ही नहीं है। दरअसल 28 अप्रैल को ही पुलिस ने दोनों पक्षों पर काउंटर केस दर्ज कर लिया है। लिहाजा विधायक के दोहरे रवैए पर ही सवाल खड़े हो रहे हैं।

दो दिन पहले विज्ञप्ति जारी कर घोड़ाडोंगरी विधायक के मीडिया प्रभारी के हवाले से बताया गया था कि विधायक उइके ने यादव समाज के तथाकथित राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों पर अपना स्पष्टीकरण दिया है। अपने आप को राष्ट्रीय अध्यक्ष बताने वाले व्यक्ति द्वारा मुझ पर कुछ भ्रामक और तथ्यहीन आरोप लगाए गए, जिसको लेकर मैं अपना पक्ष सार्वजनिक करना आवश्यक समझती हूं।

विज्ञप्ति में बताया था कि मैं भाजपा की समर्पित कार्यकर्ता हूं और मेरे लिए सभी समाज विशेषकर यादव समाज का सदा सम्मान रहा है। यादव समाज ने चुनाव में मेरी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और आज भी समाज के कई कर्मठ कार्यकर्ता मेरे साथ सक्रिय रूप से जुड़े हैं। समय-समय पर यादव समाज के कार्यकर्ताओं से भेंट करते रहती हूं और उनकी समस्या सुलझाने का प्रयास भी रहता है।

विधायक ने दिया यह तर्क

यादव समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर विधायक गंगा उइके ने अपने मीडिया प्रभारी के हवाले से जारी विज्ञप्ति में तर्क दिया है कि वे उनके निवास आए थे, लेकिन उस दिन अपने भाई के विवाह समारोह में निकल रही थी। समयाभाव के कारण उन्हें विनम्रतापूर्वक कहा कि इस समय नहीं मिल पाऊंगी, बाद में भेंट करेंगे। विधायक के मुताबिक यह एक सामान्य परिस्थिति थी, जिसे गलत रूप से प्रस्तुत कर मेरी छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया।

उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनकी किसी समाज या संगठन की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था और न ही ऐसा कोई कार्य किया। मेरा राजनैतिक एवं सामाजिक जीवन पारदर्शिता, सम्मान एवं सेवा के सिद्धांतों पर आधारित है।

दूसरे पत्र में दिखी यादवों के खिलाफ नाराजगी

अपनी विज्ञप्ति में उन्होंने पहले यादव समाज के कारण जीत मिलने की बात दोहराई, लेकिन उसी दिन 9 मई को विधायक ने चोपना थाना के बरई ढाना में सुखलाल धुर्वे के साथ मारपीट करने वाले संजय यादव, विजय यादव, पवन यादव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उनका कहना है कि जाति सूचक शब्दों का उपयोग कर यादवों ने आदिवासी परिवार के साथ गाली गलौच, मारपीट करने के साथ पत्नी के साथ छेड़छाड़ा और रेप की कोशिश की।

उन्होंने पत्र में एसपी को बताया कि बार-बार चोपना थाने में शिकायत करने के बावजूद आरोपी के विरूद्ध कोई प्रभावी वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई, जिससे परिवार दहशत में है। उन्होंने पत्र में चेतावनी दी थी कि यदि आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की तो जनजातीय समाज एवं उन्हें जनआंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इस पत्र में उन्होंने खुलकर यादव समाज के मुखालफत की है।

दोनों पक्ष पर पहले ही हुआ काउंटर केस दर्ज

विधायक ने जिस तरह एसपी को पत्र लिखकर आदिवासी समाज के खिलाफ मारपीट करने वालों पर कार्रवाई न होने की बात लिखी है। वे यहां खुद भ्रमित हो गई है। चोपना पुलिस ने मारपीट के इस मामले में 28 अप्रैल को ही दोनों पक्षों के खिलाफ थाने में मारपीट का प्रकरण दर्ज कर लिया है। ऐसे में उनका एसपी को पत्र लिखा जाना कटघरे में आ खड़ा हुआ है। चोपना थाना प्रभारी राजेश सातनकर ने बताया कि हमने 28 अप्रैल को ही विधिवत कार्रवाई कर दी है। दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। इसलिए काउंटर केस दर्ज किया गया। एक पक्ष एसीएसटी का है, उन्हें जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के लिए कहा है, लेकिन अब तक नहीं दिया। जाति प्रमाण पत्र मिलते ही हम धारा बढ़ा देंगे।

विधायक के खिलाफ यादवों ने मोर्चा खोला

इधर घोड़ाडोंगरी विधायक गंगा उइके द्वारा युदवंशम सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर पवन यादव और सामाजिक व्यक्तियों के खिलाफ झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने के दबाव के बाद यादव समाज के लोगों ने मोर्चा खोल दिया है। करीब एक सैकड़ा लोग सोमवार जिला मुख्यालय बैतूल पहुंचे और उन्होंने एसपी को इस संबंध में अवगत कराया। ज्ञापन में बताया गया कि इंजीनियर यादव विधायक से सामाजिक कार्य से मिलने गए थे, लेकिन उन्होंने तू, तड़ाक भाषा का उपयोग कर टाईम न होने और फोन न लगाने की बात कही थी। इसके बाद यह समाचार मीडिया में आने पर विधायक ने अपने पद का दुरुपयोग कर जातिगत हिंसा फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।

ज्ञापन में बताया गया कि गंगा उइके एक जनप्रतिनिधि है। जनप्रतिनिधि किसी समाज, जाति या धर्म का नहीं होता है, लेकिन विधायक ऐसा कर रही है। ज्ञापन में बताया कि समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष के खिलाफ बिना किसी तथ्यों के झूठा मुकदमा बनाने और जातिगत हिंसा फैलाने जैसे बयान से समस्त यादव समाज में आक्रोश व्याप्त है। समाज के लोगों ने इस मामले में निष्पक्ष जांच करने के अलावा विधायक से माफी मांगने की मांग की है। ऐसा न होने पर पूरे भारत में जनआंदोलन और पुतला दहन की चेतावनी दी है।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button