Betul Samachar: डोक्या बीट में धधक रहे जंगल, मैदानी अमला नींद में
Betul News: Forests are burning in Dokya beat, ground staff is sleeping

आग लगी तो गर्मी का हवाला देकर पल्ला झाड़ने में जुटे विभागीय अधिकारी
Betul Samachar: बैतूल। दक्षिण वन मंडल के डोक्या बीट में बीते दो दिनों से लगी भीषण आग ने जंगल को जलाकर राख कर दिया, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि जिम्मेदार वन रक्षक कुंभकर्णी नींद में सोते रहे। ग्रामीणों का आरोप है कि वन रक्षक पंकज साहू पिछले 15 दिनों से नाके पर नजर ही नही आये हैं। जंगल मे लगी आग ने धीरे-धीरे सैकड़ों पेड़ों को अपनी चपेट में ले लिया, लेकिन मौके पर न दमकल पहुंची, न वन विभाग की कोई टीम पहुंची और जंगल का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि आग लगने के बाद ग्रामीणों ने जब धुआं उठता देखा तो खुद ही पानी के डिब्बे और झाड़ियों से आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। ग्रामीणों का कहना है कि सूचना देने के बावजूद घंटों तक कोई वन अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।

क्या जंगल की सुरक्षा सिर्फ कागजों पर हो रही है?
गर्मी को मौसम में बड़े पैमाने पर जंगलों में आगजनी की घटनाएं हो रही हैं। लेकिन आगजनी की यह घटना लापरवाही के साथ कई सवाल खड़े कर रही है। आगजनी की यह घटना लापरवाही है या किसी बड़ी अनदेखी की ओर इशारा कर रही है ?क्या डोक्या बीट की आग सिर्फ प्राकृतिक थी, या इसके पीछे कोई साजिश छिपी है? यह तमाम ऐसे सवाल हैं जो वन विभाग के अधिकारीयों और कर्मचारियो को कटघरे में खड़े कर रहे हैं। हालांकि आग में कितनी वन संपदा खाक हो चुकी है , इसका आकलन अभी बाकी है। लेकिन विभाग की यह उदासीनता एक कड़वा संदेश जरूर छोड़ गई है। अगर अब भी जागे नहीं, तो अगली आग सिर्फ जंगल में नहीं, व्यवस्था में भी लगना तय माना जा रहा है।
इनका कहना…
गर्मी की वजह से आगजनी की घटनाएं हो रही हैं। मैदानी कर्मचारियो को अलर्ट रहने के निर्देश हैं, सूचना मिलते ही त्वरित कार्यवाहियां की जा रही हैं।
विजयानंतम टीआर डीएफओ दक्षिण बैतूल




