Ward Parikrama: रामनगर वार्ड में नाली, सड़क और कचरा उठाव की बड़ी समस्या

मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे रहवासी
Ward Parikrama: बैतूल। शहर के अंतिम छोर पर स्थित रामनगर वार्ड क्रमांक 25 आज भी मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है। वार्ड में नालियों, सड़कों और नियमित कचरा उठाव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, जिससे रहवासियों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बारिश के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं।
वार्डवासियों का कहना है कि कई मोहल्लों में नालियों का निर्माण नहीं होने से घरों का गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता है। इससे बदबू फैलने के साथ मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। वहीं कई जगह सड़कें कच्ची और जर्जर होने से बारिश में कीचड़ भर जाता है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।
रहवासियों ने बताया कि नियमित कचरा संग्रहण नहीं होने से कई स्थानों पर कचरे के ढेर लगे रहते हैं, जिससे स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है। लोगों का आरोप है कि उनकी समस्याओं का समाधान समय पर नहीं हो रहा है। वार्ड क्रमांक 25 से कांग्रेस के पार्षद अशोक नागले ने नगर पालिका पर वार्ड के साथ भेदभाव का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि विकास कार्यों के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, जिसके कारण आवश्यक निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने वार्ड की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराने की मांग की है।सांझवीर टाईम्स की वार्ड परिक्रमा के दौरान रहवासियों ने नालियों का निर्माण, सड़क सुधार और नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई, ताकि उन्हें बुनियादी सुविधाएं मिल सकें।

क्या कहते हैं वार्डवासी
वार्ड में नाली की सबसे बड़ी समस्या है बनी है। नालियां नहीं होने के कारण घरों से निकलने वाला पानी सड़कों पर जमा होता है। इससे वार्ड में गंदगी का आलम बना हुआ है। कई बार पार्षद से नालियां बनाने की गुहार लगाई है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
– अलका चौकसे, वार्डवासी
वार्ड के भीतर पानी की समस्या बनी है। पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं आ रहा है। सफाई का अभाव बना हुआ है। जगह-जगह वार्ड के भीतर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। सफाई कर्मचारी सफाई करने के लिए प्रतिदिन नहीं आते हैं।
सौरभ अली, वार्डवासी

वार्ड में गर्मी से अब तक पानी की समस्या है। पर्याप्त मात्र में पानी नहीं मिलने से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जब भी पार्षद से शिकायत करो तो मोटर पंप खराब होने का बहाना बनाया जाता है। वार्ड में नाली की समस्या भी बनी है। यहां पर नालियां नहीं हैं।
लक्ष्मी चंदेलकर, वार्डवासी

वार्ड में कई प्रकार की समस्या है। नाली, सड़क और पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। घर के पास ही एक विद्युत पोल है, जिससे हमेशा करंट लगने का खतरा बना रहता है। समस्या को कई बार पार्षद के सामने रखा, लेकिन आज तक समाधान नहीं हो सका।
निर्मला पारखे, वार्डवासी

बजट आवंटन में नपा का भेदभाव: पार्षद
नगरपालिका बजट आवंटन में भेदभाव किया जा रहा है। कांग्रेसी पार्षदों को महज 15 लाख रुपए का बजट दिया जा रहा है, जबकि भाजपा पार्षदों को 30 लाख का बजट मिल रहा है। बजट में भेदभाव के कारण वार्ड के भीतर बेहतर काम नहीं हो पा रहे हैं। मैंने लड़ झगड़कर कुछ सड़कें बनाई है। फिर भी बजट अभाव के कारण काम नहीं कर पाया। अभी वार्डों में कई जगह नाली और सड़कें बनाना है।
अशोक नागले, पार्षद रामनगर वार्ड
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




