Betul Samachar: भाजपा-कांग्रेस के दिग्गज भी देखेंगे जंगल सत्याग्रह का प्रीमियर शो
Betul Samachar: BJP-Congress stalwarts will also watch the premiere show of Jungle Satyagraha

पूर्व सीएम दिग्गी ने सभी को भेजा न्यौता, बैतूल के आदिवासियों के विद्रो पर आधारित है फिल्म
Betul Samachar: भोपाल/बैतूल। कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह कांग्रेस और बीजेपी के नेताओं को फिल्म दिखाएंगे। 13 जनवरी को विधानसभा के मानसरोवर सभागार में फिल्म जंगल सत्याग्रह का प्रीमियर शो आयोजित होगा। बताते चले कि इस फिल्म में आदिवासी बाहुल्य बैतूल के कलाकारों ने आदिवासियों के विद्रोह का चित्रण किया गया है। फिल्म में बैतूल जिले के दो पूर्व विधायक सुखदेव पांसे, धरमू सिंह सिरसाम की भी प्रमुख भूमिका है। इसके अलावा फिल्म में कई जनप्रतिनिधियों ने भी रोल अदा किया है। इसलिए इसकी चर्चा दूर-दूर तक हो रही है।
बताया जाता है कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इस शो के लिए कांग्रेस और बीजेपी के विधायकों, सांसदों, पूर्व विधायकों और मंत्रियों समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं को निमंत्रण भेजा है। शनिवार शाम को दिग्विजय सिंह ने सीएम हाउस पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को इस फिल्म के प्रीमियर शो में आने का निमंत्रण दिया। दिग्विजय सिंह के पीएस सचिन वत्स और मीडिया कोऑर्डिनेटर योगेंद्र सिंह परिहार ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती को भी निमंत्रण भेजा। साथ ही, मोहन सरकार के मंत्रियों और बीजेपी विधायकों को भी निमंत्रण भेजा जा रहा है।
जंगल सत्याग्रह पर आधारित है फिल्म
स्वतंत्रता संग्राम के दौरान एक बहुचर्चित आंदोलन जंगल सत्याग्रहमें बैतूल के आदिवासियों ने अंग्रेजों के खिलाफ 1930 में विद्रोह का बिगुल फूंका था। इस आंदोलन में आदिवासी नायक सरदार गंजन सिंह कोरकू, सरदार विष्णु सिंह गोंड, ठाकुर मोहकम सिंह, रामजी कोरकू और जुगरू गोंड द्वारा 1930 में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ जल, जंगल और जमीन के लिए किए गए संघर्ष को फिल्म में दिखाया गया है।
इस सत्याग्रह पर आधारित फिल्म जंगल सत्याग्रह का निर्माण बैतूल के स्थानीय कलाकारों ने किया है। इस फिल्म का प्रीमियर शो 13 जनवरी को विधानसभा के ऑडिटोरियम में रखा गया है। बताया जाता है कि बैतूल जिले से भी कांग्रेस के कई दिग्गज इस फिल्म के प्रीमियम शो में शामिल होंगे।
दिग्गजों को भी फिल्म देखने का निमंत्रण
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और अन्य सीनियर कांग्रेस नेताओं को भी फिल्म के प्रीमियर शो में शामिल होने का न्योता दिया है। कांग्रेस विधायकों समेत पूर्व विधायकों और पूर्व सांसदों को भी बुलावा भेजा जा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर को भी दिग्विजय सिंह ने कार्यक्रम में आमंत्रित किया है। राज्यपाल मंगू भाई पटेल को भी वे निमंत्रण देने जाएंगे।




