Betul Ki Khabar: 5 लाख लीटर की टंकी बनकर तैयार, 6 वार्डों के सैकड़ों परिवारों को मिलेगी राहत
Betul Ki Khabar: 5 lakh liter tank is ready, hundreds of families of 6 wards will get relief

टेस्टिंग के बाद , अगले माह तक सप्लाई शुरू होने की संभावना
Betul Ki Khabar: बैतूल। कोठीबाजार क्षेत्र में एक मात्र बनी पानी की टंकी पर दबाव कम करने के उद्देश्य से शिवाजी काम्प्लेक्स में नई टंकी बनकर तैयार है। लगभग 5 लाख लीटर पानी की इस टंकी से कोठीबाजार क्षेत्र के करीब आधा दर्जन वार्डों में पानी की सप्लाई सुचारू रूप से संचालित हो पाएगी। टंकी की टेस्टिंग के लिए पानी भरा जा रहा है। सब कुछ ठीक रहा तो अगले माह के अंत तक सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। इससे वार्डों में रहने वाले सैकड़ों परिवारों की पानी की समस्या का निदान भी हो जाएगा।
66 लाख 83 हजार 4 सौ 12 रुपए हुए खर्च
दरअसल शिवाजी काम्प्लेक्स के समीप बनी पुरानी पानी की टंकी जर्जर होने की वजह से कुछ सालों पहले ही गिरा दी गई थी। इसकी जगह मोती वार्ड में नई टंकी का निर्माण कराया गया था, लेकिन एक मात्र टंकी होने से कोठीबाजार क्षेत्र के करीब आधा दर्जन वार्डों का दबाव बना हुआ था। लिहाजा परिषद में पुरानी जगह पर ही नई टंकी बनाए जाने का प्रस्ताव लिया गया था। 66 लाख 83 हजार 4 सौ 12 रुपए की लागत से बनने वाली टंकी का वर्क आर्डर 1 जून 2022 को केकेएमआर इंजीनियरिंग कम्पनी को दिया गया। निर्माण कम्पनी द्वारा 9 नवम्बर 2022 को निर्माण शुरू किया गया था।
पूरी रफ्तार से चले काम का ही नतीजा है कि महज दो साल के भीतर कम्पनी ने टंकी का निर्माण कर दिया। अब केवल टंकी की पुताई और टेस्टिंग का काम ही बाकी बचा हुआ है। इसकी भी पूरी तैयारी कर ली है। सब कुछ ठीक रहा तो दिसम्बर माह के अंत तक लोगों को इसका फायदा भी मिलना शुरू हो जाएगा।
सैकड़ों परिवारों की पानी की समस्या का होगा समाधान
अभी तक कोठीबाजार क्षेत्र के करीब आधा दर्जन वार्डों में मोती वार्ड में बनी एक मात्र टँकी से ही पानी की सप्लाई दी जा रही थी। नपा में जल शाखा की सभापति एवं पटेल वार्ड से पार्षद रेणुका यादव ने बताया कि, एक मात्र टंकी पर सप्लाई का दबाव ज्यादा होने से जहां सप्लाई का शेड्यूल प्रभावित हो रहा था तो वही वार्डों में कई स्थानों पर पूरी रफ्तार से पानी की सप्लाई में भी दिक्कतें आ रही थी। कई परिवारों को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पा रहा था। नई टंकी से सप्लाई जल्द शुरू किए जाने के पूरे प्रयास किये जा रहे हैं।
इस टंकी के माध्यम से तिलक वार्ड, आर्य पूरा , दुर्गा वार्ड, गांधी वार्ड में रहने वाले सैकड़ों परिवारों को राहत मिलेगी । महावीर और भगत सिंह वार्ड के कुछ आंशिक हिस्सों में लोगों को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। लिहाजा यह तय किया गया है कि इन हिस्सों को भी इसी टंकी से जोड़ा जाएगा, ताकि इन वार्डों में भी पानी की समस्या का स्थाई निराकरण हो सके।




