SVAMITVA Scheme: स्वामित्व योजना में लापरवाही पर पांच पटवारियों पर गिरी गाज, कार्रवाई का खुलासा नहीं!

कार्रवाई निलंबन की या बर्खास्तगी की स्थिति स्पष्ट नहीं, जिला पटवारी संघ ने दी विरोध जारी रखने की चेतावनी
SVAMITVA Scheme: बैतूल। स्वामित्व योजना के काम में लापरवाही बरतना जिले के पांच पटवारियों को भारी पड़ गया। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गुरुवार को पांच पटवारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। हालांकि इन पटवारियों पर निलंबन की कार्रवाई हुई है या बर्खास्तगी की, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
सूत्रों के मुताबिक, अलग-अलग तहसीलों में पदस्थ पांच पटवारी प्रशासन की कार्रवाई की जद में आए हैं। संबंधित एसडीएम को इनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि पांच में से ेतीन पटवारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जानकारी मिली है।
इनमें रामकिशोर इवने आठनेर, संजीव परते आठनेर और विजय धुर्वे आमला शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इन तीनों का निलंबन आदेश दिए जा चुके हैं, लेकिन दो अन्य पटवारियों पर क्या कार्रवाई हुई है। इस संबंध में जानकारी नहीं मिली है।
सर्वे और सत्यापन में देरी बनी कार्रवाई की वजह
जानकारी के अनुसार, स्वामित्व योजना के तहत पटवारियों को सर्वे, सत्यापन और संपत्ति संबंधी अभिलेख तैयार करने जैसे महत्वपूर्ण कार्य सौंपे गए थे। निर्धारित समयसीमा में काम पूरा नहीं करने और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की कथित अवहेलना को कार्रवाई की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, प्रशासन की ओर से अब तक कार्रवाई की प्रकृति और संबंधित पटवारियों के नामों का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है।
प्रशासन की कार्रवाई के बीच पटवारियों की हड़ताल
एक ओर प्रशासन ने पांच पटवारियों के खिलाफ कार्रवाई की है, वहीं दूसरी ओर जिला पटवारी संघ की हड़ताल भी जारी है। संघ के जिला अध्यक्ष मोहन धुर्वे ने बताया कि पांच पटवारियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की जानकारी संगठन को भी मिली है, लेकिन इस संबंध में कोई आधिकारिक आदेश या निर्देश संघ को प्राप्त नहीं हुए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पटवारियों का विरोध अभी जारी है।
स्वामित्व योजना से बाहर रखने की मांग
जिला पटवारी संघ की प्रमुख मांग है कि सभी पटवारियों को स्वामित्व योजना के कार्यों से बाहर रखा जाए। संघ अध्यक्ष का कहना है कि यदि प्रशासन उनकी इस मांग को स्वीकार कर लेता है, तो विरोध समाप्त किया जा सकता है। वहीं, पटवारियों के खिलाफ कार्रवाई आगे बढ़ने की स्थिति में संघ की ओर से भी कड़ा रुख अपनाए जाने के संकेत दिए गए हैं।
कलेक्टर और एसडीएम से नहीं हो सका संपर्क
मामले में कार्रवाई की वास्तविक स्थिति जानने के लिए कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे और एसडीएम अभिजीत सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों अधिकारियों ने फोन रिसीव नहीं किया। ऐसे में पांच पटवारियों पर की गई कार्रवाई को लेकर आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
क्या है स्वामित्व योजना
स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीण आबादी क्षेत्र की संपत्तियों का सर्वे और सत्यापन कर पात्र लोगों को संपत्ति का अधिकार अभिलेख उपलब्ध कराया जाता है। इस प्रक्रिया में जमीन और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड का सही होना बेहद जरूरी है। इसी योजना के कार्यों को लेकर प्रशासन और पटवारियों के बीच बढ़ते टकराव ने अब जिले में नया विवाद खड़ा कर दिया है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




