Betul Samachar: शहरी विकास पर रहेगी संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास की नजर

मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को सौंपी निर्देशों की फेहरिस्त

Betul Samachar: बैतूल। मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना निर्माण योजना के अंतर्गत स्थायी वित्त समिति की तृतीय बैठक में प्रस्तुत किए जाने वाले कार्यों की समीक्षा हेतु आयुक्त द्वारा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख अभियंता, संबंधित संभागीय अधीक्षण एवं कार्यपालन यंत्री, नगर निगमों के नोडल अधिकारी, विभिन्न निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी, प्रभारी यंत्री तथा संचालनालय के योजना से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान आयुक्त ने विभाग के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।

बैठक में जिले के सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारी भी शामिल हुए। गौरतलब है कि अधिकारियों को शहरी विकास को लेकर दिए गए निर्देशों का समुचित पालन किये जाने की नसीहत दी गई है।

जल संरक्षण, पार्किंग स्थल और पौध रोपण पर फोकस

आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि निकायों में सभी भवन निर्माण कार्यों में रूफ टॉप वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए, ताकि जल संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।

इसके साथ ही ऑडिटोरियम, कार्यालय, पार्किंग स्थलों सहित अन्य निर्माण कार्यों में दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए आवश्यकतानुसार ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के निर्देश दिए गए, जिससे भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अधोसंरचना विकसित हो सके।आयुक्त ने सभी परियोजनाओं में उपलब्ध रिक्त भूमि पर अनिवार्य रूप से पौधारोपण करने पर जोर दिया, ताकि हरित वातावरण को प्रोत्साहन मिल सके।

सड़कों पर एलईडी की जगह हाईमास्ट लगाने के निर्देश

सड़क निर्माण कार्यों में रोड फर्नीचर जैसे साइन बोर्ड, डिवाइडर, रेलिंग आदि को शामिल करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बन सके।

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्री-कास्ट सामग्री के अधिकतम उपयोग पर भी बल दिया गया। साथ ही, जहां आवश्यकता हो वहां पारंपरिक एलईडी एवं स्ट्रीट लाइट के स्थान पर हाईमास्ट लाइट लगाने के निर्देश दिए गए, जिससे व्यापक क्षेत्र में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए बायो-टॉयलेट की स्थापना के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में योजना के अंतर्गत शेष कार्यों के लिए भूमि उपलब्धता की जानकारी शीघ्र उपलब्ध कराने के लिए संबंधित संभागीय अधिकारियों और नगर निगमों के नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

इसके अतिरिक्त, जिन कार्यों में भूमि उपलब्ध नहीं है, या जो अन्य विभागों द्वारा क्रियान्वित किए जा रहे हैं अथवा अन्य मद से पूर्ण हो चुके हैं, ऐसे असाध्य कार्यों की सूची भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना के कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समय सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि आम नागरिकों को बेहतर नगरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button