Betul Mandi News: मंडी में हालात बेकाबू: गेहूं-मक्का की बंपर आवक से व्यवस्था चरमराई

किसान वाहनों के साथ सड़क पर इंतजार करने को मजबूर

Betul Mandi News: बैतूल। बडोरा कृषि उपज मंडी में इन दिनों अव्यवस्था चरम पर पहुंच गई है। लाख कोशिशों और अधिकारियों के दावों के बावजूद मंडी के हालात सुधरने के बजाय लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। वर्तमान में मक्का के साथ-साथ गेहूं की आवक भी तेज हो गई है, जिससे मंडी परिसर पर दबाव कई गुना बढ़ गया है।

हालात यह हैं कि मंडी के भीतर व्यापारियों के लोडेड ट्रक खड़े हैं, जबकि किसानों के उपज से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली और पिकअप वाहन बाहर सड़क किनारे लंबी कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं।

चिलचिलाती धूप में परेशान हाल किसान हुआ बेबस

प्राप्त जानकारी के मुताबिक किसानों को मंडी में प्रवेश के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। चिलचिलाती धूप में अपनी बारी का इंतजार करते हुए किसान बेहद परेशान हैं। कई किसानों का कहना है कि उन्हें यह तक नहीं बताया जा रहा कि उनकी उपज की नीलामी कब होगी। इससे उनकी चिंता और बढ़ गई है, क्योंकि देरी से उपज खराब होने का खतरा भी बना रहता है।

मंडी में बिगड़ी व्यवस्था के लिए सीधे तौर पर मंडी प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। सवाल यह उठ रहा है कि जब व्यापारियों के ट्रक माल लोड होने के बाद भी परिसर में खड़े हैं, तो उन्हें समय पर बाहर क्यों नहीं कराया जा रहा। यदि इन वाहनों को समय पर निकाला जाए तो किसानों के वाहनों को अंदर प्रवेश आसानी से मिल सकता है और व्यवस्था में सुधार हो सकता है।

व्यापारियों पर लगा जुर्माना वसूलने में मंडी प्रशासन नाकाम

इस बीच एक चौंकाने वाला तथ्य यह भी सामने आया है कि पूर्व में एसडीएम अभिजीत सिंह ने अव्यवस्था फैलाने वाले कुछ व्यापारियों पर जुर्माना लगाया था और व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए थे। लेकिन मंडी प्रशासन अब तक इन व्यापारियों से जुर्माने की राशि वसूल नहीं कर पाया है।

इससे प्रशासनिक सख्ती पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। मंडी सचिव सुरेश परते ने स्वीकार किया है कि वर्तमान में मंडी में करीब 30 हजार क्विंटल प्रतिदिन की आवक हो रही है, जिसके चलते व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने यह भी माना कि जुर्माने की राशि अभी तक वसूल नहीं हो सकी है और इसके लिए प्रयास जारी हैं।

कुल मिलाकर स्थिति यह दर्शाती है कि मंडी की गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने में प्रशासन पूरी तरह विफल साबित हो रहा है। इसका खामियाजा सीधे तौर पर किसानों को भुगतना पड़ रहा है, जो अपनी मेहनत की उपज लेकर घंटों सड़क पर इंतजार करने को मजबूर हैं। यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में स्थिति और भी विकट हो सकती है।

इनका कहना…

मंडी में एकदम आवक बढ़ने से थोड़ी समस्याएं आ रही हैं। व्यापारियों के लोडेड वाहन निकलवाएं जा रहे हैं। जुर्माने की राशि वसूलने की प्रक्रिया चल रही है।

सुरेश परते, सचिव, कृषि मंडी बैतूल 

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें

👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t

बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button