Betul Crime News: अवैध गौवंश परिवहन का गढ़ बना बोरदेही थाने का बिसखान गांव
Betul Crime News: Biskhan village of Bordehi police station becomes a stronghold of illegal cattle transportation.

सप्ताह में दो ट्रक मवेशियों की वरूड़ बाजार हो रही सप्लाई, बेखबर पुलिस
Betul Crime News: बैतूल। एक तरफ गोवर्धन पूजा के पर्व पर भाजपा सरकार के मुखिया डॉ मोहन यादव गौ पूजन कर सुरक्षा का संकल्प ले रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ जिले के बोरदेही थाना क्षेत्र में बेख़ौ$फ गौवंश की तस्करी को अंजाम दिया जा रहा है।
आश्चर्य इस बात का है कि सप्ताह में दो दिन बुधवार और शनिवार थाना क्षेत्र के बिसखान गांव से दो ट्रक गौवंश महाराष्ट्र के वरूड़ बाजार भेजा जा रहा है, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक ना होना सवाल खड़े कर रहा है, क्योंकि इस तरह के संवेदनशील मामलों की जानकारी पुलिस को ना हो यह हजम होना संभव नहीं है।
सूत्र बताते हैं कि बिसखान ग्राम से वरूड़ बाजार के लिए गौवंश तस्करी का खेल लम्बे समय से खेला जा रहा है। तस्करों की गैंग पहले मवेशियों के स्टॉक करती है जब पर्याप्त मात्रा में मवेशी एकत्रित हो जाते हैं, तब इन्हें ट्रकों में लोड किया जाता है।
सप्ताह में बुधवार और शनिवार ट्रक वरूड़ बाजार भेजे जाते हैं। महाराष्ट्र में कत्लखाना चलाने वाले व्यापारियों को मवेशी बेच दिए जाते हैं, लेकिन तस्करों को रोकने और टोकने की जहमत ना उठाना तस्करों के हौसले और बुलंद कर रहा है और क्षेत्र से बड़े पैमाने पर गौवंश की तस्करी बेख़ौ$फ जारी है।
थाना प्रभारी पर आरोप, मैं बोल रहा छोड़ दिया जाए वाहन
थाना क्षेत्र से हो रही गौवंश तस्करी को लेकर थाना प्रभारी आरके मीणा पर भी गम्भीर आरोप सामने आ रहे हैं। हालांकि उन्होंने इन सभी आरोपों से इनकार करते हुए कार्यवाही का भरोसा दिया है। सूत्र बताते हैं कि बिसखान ग्राम से मवेशियों की तस्करी किसी से छिपी नहीं है। यदि थाना क्षेत्र की सीमा के भीतर मवेशियों से भरा वाहन रोक लिया जाए तो तस्कर सीधे थाना प्रभारी से बात करवा देते हैं। दूसरी तरफ से यह कहा जाता है कि मैं बोल रहा हूं वाहन छोड़ दिया जाए।
इसके बाद वाहन आराम से गंतव्य की तरफ रवाना हो जाता है। हालांकि थाना प्रभारी आरके मीणा ने इन आरोपों को नकारा है। उनका कहना है कि बोरदेही से बिसखान ग्राम की दूरी करीब 10 से 12 किलोमीटर है। मवेशियों की तस्करी यहां से हो रही इसकी जानकारी नहीं है हो सकता है कि मुलताई के रास्ते वाहन वरूड़ पहुंचाए जा रहे हों, लेकिन सवाल यह उठ रहा है कि मवेशियों की लोडिंग तो थाना क्षेत्र से ही हो रही है।
फोन कर वाहन छोड़े जाने के आरोप से भी टीआई ने इनकार करते हुए कार्यवाही का भरोसा दिया है। इधर एसपी ने भी गौवंश तस्करी को लेकर अपना स्टैंड क्लियर किया है।
उनका कहना है कि गौवंश तस्करी और जुए की फड़ के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति पर पुलिस को काम करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। थाना क्षेत्र में यदि इस तरह की गतिविधियां चल रही हैं तो इसकी जांच कर कार्यवाही करेंगे। अब देखना है कि गौवंश तस्करों पर कार्यवाही होती है या फिर कुछ दिनों के लिए गौवंश तस्कर साइलेंट मोड में आ जाते हैं।
इनका कहना….
गौवंश तस्करी और जुए फड़ को लेकर जीरो टॉलरेंस पर काम किया जा रहा है। इस मामले की जांच कराई जाएगी। कोई दोषी होगा तो कार्यवाही भी करेंगे।
निश्चल एन झारिया, एसपी बैतूल
बिसखान ग्राम से गौवंश तस्करी की जानकारी नहीं है। ऐसा हो रहा है तो पता करवाया जाएगा। आरोप तो कोई भी किसी पर भी लगा सकता है। तस्करों पर प्राथमिकता से कार्यवाही की जाएगी ।
आरके मीणा, थाना प्रभारी बोरदेही




