Betul News: रविन्द्र देशमुख आत्महत्या मामले में 4 अन्य पर मामला दर्ज
Betul News: Case registered against 4 others in Ravindra Deshmukh suicide case

सारनी पुलिस ने 3 आरोपियों को अलसुबह हिरासत में लिया, एक अभी भी फरार
Betul News: बैतूल। सारनी के बहुचर्चित रविन्द्र देशमुख आत्महत्या मामले में पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर 4 अन्य आरोपियों पर भी मामला दर्ज कर लिया है। इनमें से 3 को शनिवार की सुबह 5 बजे उनके घरों से हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। एक अन्य आरोपी अभी भी फरार बताया जाता है। पूर्व में पुलिस ने कुल 10 आरोपियों पर मामला दर्ज किया था। इनमें से 3 को सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत मिली है।
सारनी भाजपा मंडल उपाध्यक्ष रविन्द्र देशमुख ने बीते 7 अक्टूबर को कनपटी पर रिवाल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। इससे पूरा सारनी स्तब्ध रह गया। पुलिस को रविन्द्र देशमुख के आवास से एक सुसाइड नोट भी मिला था। इसके आधार पर दो दिन बाद पुलिस ने भाजपा के तत्कालीन विधायक प्रतिनिधि रंजीत सिंह, तत्कालीन मंडल महामंत्री प्रकाश शिवहरे समेत पत्रकार प्रमोद गुप्ता और अभिषेक साहू, करण सूर्यवंशी, दीपक शिवहरे, शमीम रजा, नसीम रजा, नाजिया बानो, भोला सिंह पर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने समेत अन्य धाराओं का मामला दर्ज किया था। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे।
पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी पर पहले 10 फिर 20 हजार का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने 6 आरोपियों को पूर्व में हिरासत में ले लिया, लेकिन रंजीत सिंह, प्रकाश शिवहरे और करण सूर्यवंशी को सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम राहत मिली थी, जबकि दीपक शिवहरे, नाजिया बानो, शमीम रजा को हाईकोर्ट से जमानत मिली है। इस आत्महत्या मामले में प्रमोद गुप्ता, भोला सिंह, अभिषेक साहू और नसीम रजा अभी भी बैतूल जेल में है।
पुलिस ने तकड़े अचानक कार्रवाई कर 3 आरोपियों को पकड़ा
इस मामले में पुलिस ने सुसाइड नोट में अन्य 4 नाम का उल्लेख होने पर मामला दर्ज कर लिया। तड़के 5 बजे पुलिस ने काफी गोपनीय तरीके से 3 आरोपी छबिनाथ पिता राजाराम भारद्वाज निवासी पाथाखेड़ा, शंभू सिंह पिता कामेश्वर सिंह निवासी बगडोना और बलिराम पिता मिश्रीलाल निवासी सलैया को हिरासत में ले लिया है। सूत्र बताते हैं कि मामले में चौथा आरोपी नरेन्द्र सिंह फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
सारनी टीआई देवकरण डेहरिया ने बताया कि सुसाइड नोट के आधार पर तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। सभी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। उधर, एक अन्य सूत्र ने बताया कि भाजपा नेता रविन्द्र देशमुख आत्महत्या मामले में कुछ अन्य लोगों पर भी मामला दर्ज हो सकता है।