Betul News: सिरसावाडी में हार्वेस्टर पलटा युवक की मौत, सोमलापुर में डेम में डूबा युवक
Betul News: Youth dies after harvester overturns in Sirsawadi, youth drowns in dam in Somalapur

Betul News: मुलताई। प्रभातपट्टनब्लॉक के ग्राम सिरसावाडी में सोयाबीन कटाई के लिए जा रहा हार्वेस्टर पलट गया। दुर्घटना में हार्वेस्टर पर बैठे एक युवक की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह ग्राम सिरसावाडी निवासी रोहन पिता रंगलाल माजरीवार 19 साल अपने भाई के साथ हार्वेस्टर पर बैठकर सोयाबीन की कटाई के लिए ग्राम चंदोरा जा रहा था। ग्राम सिरसावाडी से चंदोरा जाने वाले मार्ग पर अचानक हार्वेस्टर पलट गया।
हार्वेस्टर पर सवार रोहन को सिर और पैर में चोट आई। परिजन इलाज के लिए नगर के निजी अस्पताल लेकर आए। जहां इलाज के दौरान रोहन की मौत हो गई। पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है।
बैलों को नहलाने गए युवक की डेम में डूबने से मौत
थाना साईंखेड़ा क्षेत्र के ग्राम झिरीखापा डैम में बैलों को नहलाने ले गए युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई। साईखेड़ा पुलिस के अनुसार ग्राम सोमलपुर निवासी शिवराम पिता ओझा कुमरे 39 साल शनिवार शाम में झिरीखापा डेम पर बैलों को नहलाने के लिए गया था। अचानक संतुलन बिगड़ने से शिवराम गिरकर डैम के पानी में डूब गया। देर तक शिवराम वापस घर नहीं आया तो परिजनों ने उसकी खोजबीन की और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन रात होने से खोजबीन नहीं हो सकी। शनिवार सुबह एसडीआरएफ बैतूल की टीम और पुलिस ने डेम में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। खोजबीन के दौरान सुबह 10 बजे शिवराम का शव डैम के पानी में मिला। पुलिस ने मर्ग कायम किया है।
आपस में टकराई बाइक युवक की दर्दनाक मौत
मुलताई बोरदेही मार्ग पर दो बाइक की टक्कर में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। शनिवार रात में ग्राम बरई निवासी मोहन पिता नानु 25 साल बाइक से मुलताई से बरई की ओर जा रहा था। मार्ग पर स्थित ग्राम बड़ेगांव जोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रही बाइक के चालक ने मोहन की बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में मोहन के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई। परिजन घायल मोहन को इलाज के लिए नगर के सरकारी अस्पताल लेकर आए। जहां डॉक्टर ने मोहन को अमृत घोषित कर दिया।




