Betul Ki Khabar : शहर में पुलिस विभाग द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरे बंद

33 लोकेशन पर लगे 189 कैमरे, मेंटेनेंस का दिया जा रहा हवाला

Betul Ki Khabar : बैतूल। अपराध नियंत्रण और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस विभाग ने बैतूल शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर हाईटेक नाइट विजन सीसीटीवी कैमरे लगाए थे। इन्हें पुलिस की ‘तीसरी आँखÓ माना जाता है, क्योंकि ये कैमरे शहर की हर गतिविधि पर लगातार नजर रखते हैं और अपराधियों को पकड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं, लेकिन बीते कुछ दिनों से यह सभी कैमरे बंद पड़े हैं, जिससे निगरानी व्यवस्था पर असर पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार, बैतूल में कुल 33 लोकेशन पर 189 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। पुलिस कंट्रोल रूम से इन कैमरों की निरंतर मॉनिटरिंग की जाती है, और कई बड़े अपराधों को सुलझाने में इन कैमरों की अहम भूमिका रही है। नाइट विजन और हाई-रिजॉल्यूशन फीचर होने के कारण ये कैमरे रात में भी स्पष्ट तस्वीरें कैप्चर करते हैं। इनकी खासियत यह भी है कि ये वाहनों के नंबर तक कैप्चर कर लेते हैं, जिससे दुर्घटना या वारदात के बाद वाहन व आरोपी की पहचान करना आसान हो जाता है। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से कैमरे बंद होने के कारण पुलिस को अपराधों की निगरानी और जांच में कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कैमरों का मेंटेनेंस कार्य जारी है, इसलिए उन्हें अस्थायी रूप से बंद किया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, कैमरों की देखरेख का पूर्व ठेका समाप्त हो चुका है। अब नई कंपनी को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिसने कैमरों का मेंटेनेंस शुरू कर दिया है। ठेका बदलने और तकनीकी जांच के कारण कैमरे फिलहाल संचालित नहीं हो पा रहे। अधिकारी बताते हैं कि यह मेंटेनेंस कार्य भोपाल स्तर से किया जा रहा है। बैतूल ही नहीं, बल्कि अन्य जिलों में भी कैमरों की सर्विसिंग एक साथ की जा रही है, जिस कारण कई स्थानों के कैमरे बंद हैं।

कैमरों के बंद होने से पुलिस के सामने सतर्कता बनाए रखने की चुनौती बढ़ गई है। अपराधों की रोकथाम और त्वरित कार्रवाई में सीसीटीवी फुटेज महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, लेकिन कैमरे ठप होने से यह प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। शहरवासियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कैमरों को जल्द से जल्द चालू किया जाना चाहिए।

इनका कहना है

चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों का मेंटेनेंस का काम चल रहा है। यह कार्य भोपाल स्तर से हो रहा है। बैतूल सहित अन्य जिलों के भी कैमरे अस्थायी रूप से बंद हैं। जल्द ही सभी कैमरे सुचारू रूप से चालू हो जाएंगे।

कमला जोशी, एएसपी बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button