Betul News: ड्रेनेज सिस्टम के लिए नहीं मिल रहा बजट, सड़कों का काम पड़ा अधूरा
Betul News: Budget not available for drainage system, road work remains incomplete

तीन प्रमुख सड़कों के लिए 11 करोड़ 58 लाख की डिमांड अधर में
Betul News: बैतूल। नालियों और ड्रेनेज सिस्टम की अनदेखी खस्ताहाल सड़कों के रूप में सामने आने के बाद ड्रेनेज सिस्टम के लिए अब बजट का अभाव रोड़ा बन गया है। नपा ने इसके लिए लगभग 11 करोड़ 58 लाख रुपए की डिमांड तो भेजी है, लेकिन ना अभी तक बजट स्वीकृत हो पाया है और ना ही स्वीकृति कब तक मिल पाएगी, इसका कोई ठिकाना है। ऐसे में शहर की दो प्रमुख सड़कों का निर्माण खटाई में पड़ गया है। नपा के अधिकारी खुद नहीं समझ पा रहे कि करना क्या है, क्योंकि एक तरफ सड़क निर्माण का काम अधूरा पड़ा हुआ है और दूसरी तरफ ड्रेनेज सिस्टम के लिए बजट का इंतजार अलग करना पड़ रहा है।
मांगे 11 करोड़ 58 लाख, अभी तक नहीं मिला बजट
बारिश में सड़कें उधड़ने के मामले को विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने गंभीरता से लेते हुए नपा अधिकारियों की बैठक ली थीं। बैठक में यह तय किया गया था कि आगे जिन सड़कों का निर्माण किया जाए। उसके पूर्व ड्रेनेज की व्यवस्था चाक चौबंध होना आवश्यक होगा। बैठक में तत्काल प्रस्ताव लिया गया और शहर की 3 प्रमुख सड़कों के ड्रेनेज इसमें शामिल किए गए। इनमें भाजपा कार्यालय से आबकारी, अशोक साबले चौक से मेकेनिक चौक और लल्ली चौक से कोतवाली थाना चौक की सड़कें के किनारे भूमि शामिल की गई थीं। इसके लिए शासन से कुल 11 करोड़ 58 लाख रुपए की डिमांड की गई थी, लेकिन बजट अभी तक स्वीकृत नहीं हो पाया है। अब समस्या यह खड़ी हो रही है कि बजट मिले तो नपा काम शुरू करें, लेकिन यह कब तक संभव हो पायेगा, इसका कोई ठिकाना नहीं है।
सड़क पर उड़ रही धूल फांक रहे शहरवासी
ड्रेनेज की वजह से रुका सड़कों का काम शहरवासियों की जान जोखिम में डाल रहा है। इन सभी प्रमुख सड़कों पर उड़ती धूल फांकने के लिए शहरवासी मजबूर हो रहे हैं। स्वास्थ्य पर विपरित प्रभाव ना पड़े इसके लिए लोगों को मास्क लगाकर घरों के बाहर निकलना पड़ रहा है। इन सड़कों के आजू-बाजू लगी दुकानों के संचालक काम-धंधा छोड़कर दिनभर दुकानों में घुस रही धूल ही साफ करने में ही अपना दिन व्यतीत कर रहे हैं। अब नपा के अधिकारी भी असमंजस में हैं कि पहले ड्रेनेज सिस्टम दुरुस्त करें या फिर सड़कों का निर्माण किया जाए।
ड्रेनेज की जगह छोड़कर करना होगा सड़क का निर्माण
आम जनता के साथ नपा के अधिकारियों के सामने भी यह समस्या खड़ी हो चुकी है कि पहले सड़क बनाई जाए या ड्रेनेज। समस्या को लेकर अधिकारियों का मत है कि बजट अभी तक स्वीकृत नहीं होने से वह खुद ही इसके लिए चिंतित हैं, क्योंकि सड़कों पर बड़े-बड़े होने के साथ उड़ने वाली धूल से लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
इसका एक मात्र विकल्प यही दिख रहा है कि सड़कों का निर्माण शुरू कर दिया जाएं। रही बात ड्रेनेज सिस्टम की तो इसके निर्माण के लिए सड़क के दोनों तरफ जगह छोड़ी जा सकती है। जब बजट स्वीकृत होगा, तब ड्रेनेज का निर्माण भी कर दिया जाएगा। फिलहाल बजट स्वीकृत होने का इंतजार किया जा रहा है।
इनका कहना…
ड्रेनेज के लिए प्रस्ताव स्वीकृति के लिए भेजा गया है, लेकिन अभी स्वीकृति नहीं मिली है। बारिश की वजह से सड़कों का काम रोका गया था। ऐसे में पहले सड़क निर्माण कर ड्रेनेज के लिए जगह छोड़ना ही एक मात्र विकल्प है।
नीरज धुर्वे, एई नपा बैतूल




