Betul Ki Khabar : 36 मीटर गहरे कुंए में उतरे चोर, सवा किमी खदान में घुसकर काट ले गए 300 मीटर आर्मर केबल!
Betul Ki Khabar: Thieves entered 36 meter deep well, entered 1.25 km mine and cut 300 meter armor cable!

कोल इंडिया के इतिहास में पहली बार ऐसी चोरी से सभी हतप्रभ, कम्पनी के अधिकारियों की नींद उड़ी
Betul Ki Khabar : सारनी( कालीदास चौरासे)। कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) के इतिहास में पहली बार कंपनी के आला अफसरों को आश्चर्य में डालने वाली चोरी की वारदात पाथाखेड़ा क्षेत्र में हुई है। इस घटना ने कंपनी प्रबंधन की नींद उड़ा दी है।
दरअसल कोई सोच भी नहीं सकता कि इस तरह भी चोर वारदात को अंजाम दे सकते हैं। इस तरह की वारदात सोमवार रात से अलसुबह तक पाथाखेड़ा क्षेत्र की बन्द सारणी खदान में हो गई है। इस खदान में कार्यरत सुरक्षा कर्मियों को बीते एक सप्ताह में तीन बार चोर, बदमाशों द्वारा बंधक बनाया गया। लेकिन कंपनी प्रबंधन ने इस मामले को हमेशा की तरह हल्के में लिया। लेकिन जब खदान में उतरकर अधिकारियों ने निरीक्षण किया तो पता चला कि मोटर पंप, हॉलेज और खदान में विभिन्न मशीनों को चलाने वाले आर्मर केबल को चोरों ने काटकर उसमें से कॉपर निकालकर फरार हो गए।
आश्चर्य की बात तो यह है कि बन्द खदान का मुख्य और कॉलेज का द्वार बंद था। बावजूद इसके खदान के अंदर घुसकर वारदात को अंजाम देकर चोर भाग निकले। प्राप्त जानकारी के अनुसार सरफेस में जहां खदान में हवा पहुंचने के लिए कुआं बनाया गया है उसकी दूरी घटनास्थल से करीब सवा किलोमीटर है। इस जगह को खदान की भाषा में 32 लेवल कहा जाता है। इस कुएं की गहराई 36 मीटर है। जबकि चोरी की घटना पांच लेवल पर हुई है। खदान के जानकारों से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक से दूसरे पिलर की दूरी 30 मीटर है। चोरों ने 43 पिल्लर उतरकर पूरी वारदात को अंजाम दिया है। इस संपूर्ण घटना की जानकारी लगते ही वेकोलि पाथाखेड़ा प्रबंधन में हड़कंप मच गया है।
घटनास्थल का निरीक्षण सब एरिया, मैनेजर, क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी समेत अन्य अधिकारियों ने किया है। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी द्वारा सुरक्षा कर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जिससे सुरक्षा कर्मियों में क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी के प्रति आक्रोश व्याप्त है।