Betul Napa Fire Safety : फायर सेफ्टी के पुराने नामों पर नोटिस-नोटिस खेल रही नपा
49 भवन स्वामियों को नोटिस जारी करने का दावा, कई बड़ी ईमारतों के नाम छूटने पर उठ रहे सवाल

Betul Napa Fire Safety : बैतूल। बैतूल नगरपालिका नईदिल्ली में हुए हादसे के बाद प्रदेश सरकार के निर्देशों का पालन करते हुए 49 भवन निर्माताओं और अस्पतालों को नोटिस देने का दावा कर रही है। यह नोटिस भी काफी पहले दिया गया है, लेकिन दावा किया जा रहा है कि इसे अभी बनाया गया है। इससे नगरपालिका की पीडब्ल्यूडी शाखा के अधिकारी कटघरे में आ खड़े हुए हैं। दूसरी तरफ स्कूल, निजी अस्पताल, रेस्टारेंट और होटलों के नाम नोटिस में शामिल है, लेकिन कई बड़े निजी बिल्डिरों ने बेसमेंट की अनुमति लेकर पार्किंग के नाम व्यवसायिक दुकानें निकालकर बेच डाली है। इन पर अभी तक न तो कोई कार्रवाई की गई है और न तो कोई नोटिस जारी किया है। यही पर नपा कटघरे में आ खड़ी हुई है।
सूत्र बताते हैं कि नगरपालिका ने दिल्ली हादसे के बाद प्रदेश सरकार के निर्देशों का पालन करते हुए शहर में स्थित विभिन्न मॉल संचालकों और अन्य लोगों को नोटिस जारी करने का दावा किया है, लेकिन सांझवीर की पड़ताल में सामने आया है कि यह नोटिस नगरपालिका ने मार्च से जून माह के बीच दिए हैं। चूंकि शासन से निर्देश मिलने को अभी दो दिन का ही समय हुआ है। 49 लोगों को नोटिस भेजना संभव नहीं है। इसके बावजूद एई ने मीडिया को बताया था कि 49 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। हालांकि उन्होंने यहां चूक कर दी की यह नोटिस पूर्व में दिए गए हैं न कि दिल्ली कोचिंग हादसे के बाद शासन के निर्देश मिलने पर। नगरपालिका की इसी कार्रवाई पर सवाल खड़े हो गए है। दरअसल दो दिन पहले एक शापिंग मॉल पर कार्रवाई के बाद नपा के खिलाफ व्यापारी लामबंद हुए तो नपा का तर्क था कि नोटिस पहले भी दिए जा चुके हैं।
इनको दिए गए नोटिस – Betul Napa Fire Safety
नपा ने मार्च से जून के बीच करीब 49 लोगों को नोटिस जारी किए है। सभी से जवाब मांगा गया है। चौकाने वाली बात यह है कि इनमें निजी भवन मालिकों को छोड़ दिया गया है। सांझवीर इसके लिए पड़ताल कर रहा है कि शहर में नपा द्वारा पिछले दस वर्षों में बेसमेंट के नाम कितने लोगों को अनुमति दी गई है और कितने ने इसका व्यवसायिक उपयोग किया। भले ही नपा दावा कर रही हैकि इसे भी नियम विरूद्ध होने पर गिरा दिया जाएगा, लेकिन नोटिस के सवाल पर अधिकारी अब बगले झांक रहे हैं।
जिन 49 लोगों को नोटिस जारी किया है उनमें गढ़ेकर अस्पताल, सुभद्रता अस्पताल, काकोड़िया हास्पिटल, महाजन हास्पिटल, सिम्स हास्पिटल, चिरायु हास्पिटल, नोबल हास्पिटल, चिरंजीव चाइल्ड केयर, देशमुख हास्पिटल, चौहान मल्टी स्पेसलिस्ट, आरोग्य निकेतन नर्सिंग होम, लश्करे हास्पिटल, पूजा हास्पिटल, ममता मेटरनिटी एंड फैक्चर हास्पिटल, सिटी हास्पिटल, सरदार हास्पिटल, चैतन्य हास्पिटल, श्रीवास्तव हास्पिटल, विशाल मेगा मार्ट कोठिबाजार, इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, होटल लैंडमार्क, रसोई रेस्टारेंट, बालाजी मॉल, होटल रामकृष्ण, आरडी पब्लिक स्कूल, सर्वोदय स्कूल, विनायक स्कूल, होटल रिमून, सरस्वती स्कूल कालापाठा, संजीवनी स्कूल, एलएफएस स्कूल 1 -2, अलड़क शापिंग मॉल, वीवीएम कालेज, गुप्ता मॉल, रायल कांप्लेक्स कोठिबाजार, श्याम फैशन माल, श्याम वस्त्र भंडार, बोथरा वस्त्र भंडार, टे्रंड शोरूम गुरुद्वारा रोड, होटल आईसीईएन, होटल कांतिशिवा एवं टाकिज, होटल शांभवी, होटल सोनी कोठीबाजार, होटल ग्रेंडसन, होटल ग्रीन गंज, होटल बसंत, होटल श्रीएन पैलेस शामिल हैं।
नपा के नोटिस भी बेअसर, जुर्माना हवा में Betul Napa Fire Safety
नपा द्वारा जून माह तक इन 49 लोगों को नोटिस जारी कर केवल अपने प्रतिष्ठान में फायर एप्रुवल प्लान एवं फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट के निर्देश दिए थे। इसमें कई लोगों ने यह कार्रवाई पूरी कर ली, लेकिन नपा की सूची में इनके नाम आज भी शामिल हैं। नोटिस में संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं आयुक्त नर्मदापुरम के पत्र का हवाला देकर भवन मालिकों से फायर प्लान तैयार न करने प्रतिदिन पांच सौ रुपए की दर से और एक वर्ष के पश्चात एक हजार रुपए प्रतिदिन की दर से दंड अधिरोपित करने की चेतावनी दी गई है। इसमें हास्पिटल पर 500 मीटर और 9 मीटर से अधिक होने पर 15फरवरी की अवधि तक 1 लाख 82 हजार 500 और फरवरी से मई तक 1 लाख 4 हजार की राशि का अर्थदंड लगाने की बात कही गई थी।
इनका कहना…
सभी को नोटिस जारी किए गए हैं। अभी मैं बैठक में व्यस्त हूं, इसलिए बाद में जानकारी दे पाऊंगा।
नीरज धुर्वे, एई नपा बैतूल।




