Betul News VIDEO : बलवा करने वाले 2 पक्षों का पुलिस ने रस्सी से बांधकर निकाला शहर में जुलूस
मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद एसपी के निर्देश पर हुई 151 की कार्यवाही

Betul News VIDEO : बैतूल। बीच सड़क पर लॉ एन आर्डर की धज्जियां उड़ाने वालों को एसपी के निर्देश पर सबक सिखाया गया है। कोतवाली पुलिस ने मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद तत्काल एक्शन लिया और चार आरोपियों को हिरासत में लेकर बकायदा जुलूस भी निकाला। आरोपियों के खिलाफ 25 आर्म्स एक्ट सहित 151 की कार्यवाही की गई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बुधवार इटारसी रोड पर दो पक्षो के बीच हुए विवाद के बाद जमकर हाथापाई हुई थी। बीच सड़क पर हो रहे तमाशे के बाद लोगों में भय की स्थिति भी व्याप्त हो गयी थी।
आरोपी खुलेआम हाथों में हथियार लेकर गुंडई कर रहै थे। गुरुवार इस बलवे का वीडियो वायरल होने के बाद एसपी निश्चल एन झारिया ने एक्शन लेकर कोतवाली पुलिस को कार्यवाही के निर्देश दिए। जिसके बाद चार युवकों को कोतवाली पुलिस ने आनन फानन में पकड़ा लिया। इन आरोपियों के हाथ रस्सी से बांधकर जुलूस निकालते हुए कोतवाली थाने लाया गया। बताया जा रहा है कि एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस की इस कार्यवाही से बदमाशों में हड़कम्प मचा है।




