3 मौत: खाई में ट्रैक्टर गिरने- आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 2 मौत, एक अन्य युवक का शव मिलने से सनसनी

कुंडई में खाई में ट्रैक्टर गिरने से चालक की मौत
मुलताई। थाना क्षेत्र के ग्राम कुंडई में किसान के खेत में ट्रैक्टर रिवर्स करने के दौरान ट्रैक्टर खाई में गिर जाने से ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई।
ग्राम कुंडई निवासी उमेश पिता सुखराम उईके 21 साल सोमवार अलसुबह 5 बजे के दरमियान ट्रैक्टर में कल्टीवेटर लगाकर खेत बनाने का कार्य कर रहा था। इस दौरान ट्रैक्टर रिवर्स करते समय अचानक ट्रैक्टर खेत के किनारे स्थित गहरी खाई में गिर गया। लगभग 20 फीट गहरी खाई में ट्रैक्टर सहित गिरने से चालक उमेश की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उमेश का शव खाई से बाहर निकालकर पोस्ट मार्टम के लिए नगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना पर मर्ग कायम किया है।
खोदरीढाना में चरवाहे की मौत
मासोद पुलिस चौकी अंतर्गत स्थित ग्राम पंचायत साईखेड़ाखुर्द के आश्रित ग्राम खोदरीढाना निवासी चरवाहे की आकाशीय बिजली के चपेट में आने से मौत हो गई।
ग्राम साईखेड़ाखुर्द के खोदरीढाना निवासी दसरू इवने 57 साल मवेशी चराने का कार्य करता था। रविवार दोपहर में दसरू इवने किसान मदन बेले के खेत के पास मवेशी चरा रहा था। अचानक मौसम बिगड़ने से आसमान में बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बारिश होने लगी तो दसरू बारिश से बचने के लिए खेत के पास स्थित महुआ के पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। वही मवेशी चराने गई जंगलीबाई इवने कुछ दूरी पर खड़ी थी। अचानक आकाशीय बिजली का कहर महुआ के पेड़ पर बरपा। तो दसरू इवने और जंगलीबाई बेहोश हो गए। कुछ देर बाद जंगलीबाई को होश आया तो दसरू महुआ के पेड़ के नीचे मृत अवस्था में पड़ा दिखा। वही दसरू के शव के पास एक गिलहरी भी मृत मिली। शंकर इवने की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम किया है।
ग्राम घाटपिपरिया में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत
थाना क्षेत्र के ग्राम घाटपिपरिया निवासी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है।
ग्राम घाटपिपरिया निवासी संदीप पिता रामनाथ घोड़पड़े 45 साल की रविवार रात 1:30 बजे के दरमियान अचानक तबियत बिगड़ने पर परिजन संदीप को उपचार के लिए नगर के सरकारी अस्पताल लेकर आए। जहां डॉक्टर ने संदीप को मृत घोषित कर दिया। संदीप की पत्नी शिवकलीबाई ने बताया पति संदीप बेंगलुरु में रहकर मजदूरी करता था। तबीयत खराब होने के चलते बीते 8 जनवरी को बेंगलुरु से गांव वापस आ गया था। उसके बाद से संदीप की तबीयत खराब चल रही थी। जिसका मुलताई के साथ नागपुर,भोपाल के अस्पताल में भी उपचार चल रहा था। पुलिस ने घटना की सूचना पर मर्ग कायम किया है।




