आखिरकार कोठीबाजार टू-लेन पर डामरीकरण शुरू
बारिश के पहले बसों के यात्रियों और आम लोगों को राहत

बैतूल। लंबी कवायद और ब्रेक के बाद आखिर शनिवार को कोठीबाजार के मुल्ला पेट्रोल पंप से लल्ली चौक तक बनने वाली सड़क का डामरीकरण कार्य शुरू हो गया है। पहले संभावना जताई जा रही थी कि बारिश के कारण डामरीकरण नहीं होगा। कुछ लोग डामरीकरण के कार्य में विलेन की भूमिका निभा रहे थे, लेकिन ठेकेदार के संयुक्त प्रयासों से शनिवार से डामरीकरण का कार्य शुरू होने से लोगों को राहत मिलेगी। लगभग 3 माह से मुल्ला पेट्रोल पंप से थाना चौक तक बनने वाले टू-लेन का लल्ली चौक तक का काम बंद पड़ा हुआ है। इसके पीछे कई तरह के पेंच सामने आ रहे थे, नगरपालिका ठेकेदार पर ठीकरा फोड़ रही थी। जबकि ठेकेदार नगरपालिका पर काम में सहयोग न करने के आरोप लगाते रहे।
हालांकि लोकसभा चुनाव बीतने के बाद बैतूल विधायक हेमंत खण्डेलवाल की नाराजगी भी सड़क न बनने के कारण सामने आई थी। सांझवीर टाईम्स ने तीन दिन पहले टू-लेन की अव्यवस्थाओं को लेकर समाचार प्रकाशित किया तो ठेकेदार ने नगरपालिका के सहयोग से काम शुरू कर दिया। दोनों तरफ गिट्टियां बिछाए जाना शुरू हुआ था। यह काम पूरा होते ही शनिवार दोपहर 3 बजे ठेकेदार ने शुभ मुहूर्त में डामरीकरण भी शुरू कर दिया है। इस दौरान नगरपालिका के एई नीरज धुर्वे, सब इंजीनियर ब्रजेश खानूरकर ने भी डामरीकरण का काम देखा है।

जहां तक अतिक्रमण हटा वहां तक डामरीकरण होगा
इधर मुल्ला पेट्रोल पंप से ठेकेदार डामरीकरण का काम शुरू कर दिया है, लेकिन बस स्टेण्ड के आगे से लल्ली चौक तक अभी भी न तो अतिक्रमण हटा है और न ही अन्य काम हुए है। इससे बस स्टेण्ड के आगे डामरीकरण पर अभी भी संशय बना हुआ है। ठेकेदार इसके लिए नगरपालिका के अधिकारियों से चर्चा कर रहे है।




