मुखबिर की मदद से 24 लाख की चोरी का खुलासा
दो चोरों से बरामद किए लाखों के सोने चांदी के जेवर

बैतूल। बच्चा जेल चौक पर एक सूने मकान में हुई लाखों की चोरी का खुलासा कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की मदद से किया है। पुलिस ने चोरी के आरोप में सदर निवासी दो चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर जब्त किए हैं। एएसपी कमला जोशी ने इसका खुलासा करते बताया कि 9 मई को बच्चा जेल चौक पर रहने ललिता पति उकण्ड्या खातरकर पूरे परिवार सहित अपने भांजे की शादी में शामिल होने भोपाल गए हुए थे। 10 मई को जब परिवार के लोग वापस आए तो दरवाजे के ताला टूटा हुआ था। घर का सारा सामान भी बिखरा हुआ था। चोरों ने घर में रखे लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो चुके थे। घटना की शिकायत होने के बाद एसपी निश्चल एन झारिया के मार्गदर्शन में टीम गठित की थी।
टीम ने मुखबिर की सूचना एवं घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों के आधार पर संदेही लकी उफ़र् पपिंदर पिता गुरनाम सिंह निवासी डॉन बास्को सदर बैतूल एवं आकाश उफ़र् मोनू पिता जवाहरलाल मालवी निवासी लिंक रोड टिकारी को सांपना डेम सांई मन्दिर के पास से घेराबंदी कर हिरासत में लिया।
पूछताछ में कबूली चोरी की वारदात
पुलिस के अनुसार संदेहियों से जब पूछताछ की गई तो उन्होंने स्वीकार किया कि बच्चा जेल चौक के पास 10 मई की रात्रि सूने मकान के दरवाजे में लगे ताले को तोड़कर चोरी की है। आरोपियों के कब्जे से 4 नग चांदी के सिक्के, 2 जोड़ी पुरानी पायल, 2 नग चांदी के ब्रेसलेट, 1 बड़ी चेन पेंडल सहित 8 मोती पेंडल, 2 नग मंगलसूत्र सोने के, 3 जोड़ी सोने के झुमके, 1 जोड़ी ईयर रिंग, 3 नग सोने की अंगूठी, नाक का मुखड़ा और एक लोंग, 3 जोड़ी चांदी की पायल, 1 जोड़ी मोटी पायल, 1 नग सोने का रानी हार, 1 नग बड़ा मंगलसुत्र, 3 जोड़ी सोने के झाले, एक पतली चैन लाकेट, 1 जोड़ी कान के टॉप्स, 10 मोती पेंडल सहित, 3 बड़े और 2 छोटे सोने के टॉप्स और कुल नगदी 71580 रुपए सहित करीब 24 लाख रूपये का मशरुका जब्त किया हैं।
आरोपियों की तलाश, पतासाजी एवं गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक नितिन उइके, उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह ठाकुर, आरक्षक नवनीत वर्मा, आरक्षक नितिन चौहान, आरक्षक शिव उईके आरक्षक अभिजीत, और आरक्षक दीपेन्द्र सिंह का विशेष योगदान रहा है।




