Betul News: 10 माह में 847 सड़क हादसे, 327 लोगों की अकाल मौत
Betul News: 847 road accidents in 10 months, 327 people died prematurely

सबसे ज्यादा बाइक दुर्घटना के मामले आए सामने
Betul News: बैतूल। जिले में सड़क हादसों के कारण सैकड़ों लोग असमय काल के गाल में समा गए। सबसे ज्यादा मामले बाइक के सामने आए हैं। यातायात पुलिस की समझाइश के बावजूद भी लोग लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हैं, जिससे वे दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। इस वर्ष भी जिले में सड़क हादसों के मामले चौकाने वाले सामने आए हैं। जनवरी से अब तक लगभग 10 माह के भीतर बैतूल में 847 सड़क हादसे हुए हैं, जिसमें 327 लोगों की मौत हो गई।
833 लोग घायल हुए हैं। सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले वर्ष 2023 में एक वर्ष में 918 सड़क हादसे हुए थे, जिसमें 286 लोगों की मौत हो गई थी। 1081 लोग घायल हो गए थे। 2024 में 925 मामले सामने आए हैं , जिसमें 352 लोगों की मौत हो गई और 911 लोग घायल हुए थे। इस वर्ष भी हादसे पिछले वर्षों की तरह ही हो रहे हैं। अभी इस वर्ष को खत्म होने को माह का समय शेष है। इस वर्ष भी सड़क हादसे पिछले वर्ष के आंकड़ोंं को छू सकते हैं।
हाइवे पर सबसे ज्यादा दुर्घटनाएं
जिले में फोरलेन और अन्य हाइवे पर सबसे ज्यादा सड़क हादसे हो रहे हैं। तेज रफ्तार एवं शराब पीकर वाहन चलाने के कारण दुर्घटनाएं सबसे ज्यादा हो रही है। जिले में जितने भी सड़क हादसे हुए हैं। यह हादसे ज्यादातर हाइवे पर हुए हैं। लोग फर्राटे से वाहन दौड़ाते हैं और दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। कई जगह अंधे मोड़ होने के कारण वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहन नहीं दिखते हैं और वाहनों की आपस में टक्कर हो जाती हैं। पुलिस ने कई जगह दुर्घटनाओं को रोकने के लिए संकेतक भी लगाए हैं, लेकिन लोग संकेतकों को नजर अंदाज कर वाहन दौड़ाते हैं।
हेलमेट नहीं पहनने से सबसे ज्यादा मौतें
हादसों में मौत होने की वजह यह भी सामने आ रही है कि लोग दोपहिया वाहन को चलाते समय हेलमेट नहीं पहनते हैं। जब भी दोपहिया वाहनों के हादसे सामने आते हैं, उसमें अधिकतर लोगों को सिर में गंभीर चो ट आने से उनकी मौत हो जाती है। वाहन चालक द्वारा हेलमेट लगाकर वाहन चलाते तो कई लोग बच भी सकते हैं , लेकिन वाहन चालकों द्वारा हेलमेट का पालन नहीं किया जा रहा है। यातायात पुलिस द्वारा चालानी कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों को हिदायत दी जाती है कि वे हेलमेट जरूर पहने। लोग चालान भरने के बाद हेलमेट पहनना भूल जाते हैं।
इनका कहना…
सड़क हादसों को रोकने के लिए यातायात पुलिस द्वारा वाहन चालकों को जागरूक किया जा रहा है। कई बार स्कूलों में भी जाकर बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी दी जाती है। समय समय पर चालानी कार्रवाई भी की जाती है।
गजेंद्र केन, यातायात प्रभारी, बैतूल




