सट्टा बाजार में डीडी की जीत पर 10 पैसे के भाव
दो लाख से अधिक की जीत पर 35 पैसे रेट, कांग्रेस को पिछली बार से अधिक वोट मिलने पर 55 पैसे के दाम

बैतूल। संसदीय क्षेत्र के मतदान को लगभग 22 दिन का समय बीत चुका है। भाजपा और कांग्रेस समेत अन्य पार्टियों के उम्मीदवारों का फैसला मतदाताओं ने ईव्हीएम में बंद कर दिया। अब 4 जून को होने वाली मतगणना के बाद स्थिति स्पष्ट होगी कि निवर्तमान सांसद डीडी उईके को जनता दोबारा चुनेगी या कांग्रेस के रामू टेकाम की लॉटरी लगेगी।
तमाम अटकलों के बीच इस समय सट्टा बाजार में भाजपा और कांग्रेस की जीत-हार को लेकर तरह-तरह की चर्चाए चल रही है तो सट्टा बाजार भी इस मामले में पीछे नहीं दिखाई दे रहा है। बैतूल के सट्टा बाजार में भाजपा प्रत्याशी डीडी उईके की जीत पर 10 पैसे का भाव लग रहा है, जबकि 2 लाख की जीत पर 35 पैसे के दाम मिल रहे है। दूसरी तरफ कांग्रेस प्रत्याशी रामू टेकाम को पिछली बार की अपेक्षा अधिक वोट मिलने पर 55 पैसे के दाम लग रहे है। हालांकि टेकाम की जीत पर 3 रूपए से भी अधिक का दाम है, यानी सट्टाबाजर में भाजपा की जीत की अधिक संभावना दिख रही है।
लोकसभा चुनाव 7 चरणों में होने के कारण लोगों को मतदान के बाद परिणामों के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भी यही स्थिति थी। इस बार वह बैतूल में 26 अप्रैल को चुनाव होना था, लेकिन बसपा प्रत्याशी के निधन के कारण लोकसभा में तीसरे चरण में होने वाले मतदान की तिथि 7 मई को वोट डाले गए।
यदि 26 अप्रैल को चुनाव होते तो लोगों को पूरे 39 दिन परिणामों के लिए इंतजार करना पड़ता, लेकिन 7 मई को मतदान के बाद भी संसदीय क्षेत्र के मतदाताओं को पूरा 27 दिन इंतजार करना पड़ रहा है। लंबे इंतजार के बीच मतदाताओं को पांच दिन बाद दोपहर तक स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है कि उनके क्षेत्र का नया सांसद कौन होगा? हालांकि जीत-हार को लेकर बाजार में जमकर दांव लगाए जा रहे है। लोग अपने अनुमान भी लगा रहे है तो सट्टा बाजार भी जमकर दांव लगा रहा है।
रामू पर भारी डीडी
इस बार भी सट्टा बाजार में चल रहे पूर्वानुमान पर नजर डाले तो भाजपा का पड़ला भारी बताया जा रहा है। पूर्व में ही राजस्थान का फलौदी और भोपाल-इंदौर का सट्टा बाजार बैतूल संसदीय क्षेत्र पर बीजेपी की जीत की बात कह रहा है। इस लिहाज से भाजपा की जीत को लेकर तरह-तरह के दावे किए जा रहे है। सट्टा बाजार से जुड़े लोगों की माने तो यदि भाजपा प्रत्याशी मतगणना के दिन कांग्रेस प्रत्याशी टेकाम से दो लाख से अधिक मतों से जीत हासिल करते है तो इस पर 35 पैसे के दाम दिए जा रहे है। यानी सट्टा बाजार बैतूल में भाजपा की जीत का दावा कर रहा है। भाजपा प्रत्याशी डीडी उईके की जीत पर चौंकाने वाला मात्र 10 पैसे दिया जा रहा है। इस बार कोई दांव लगाने को तैयार नहीं है।
दरअसल सट्टा बाजार का नियम है कि जिस पर सबसे कम रेट लगते है, उसकी जीत की सबसे अधिक संभावना रहती है। इस लिहाज से कांग्रेस की जीत पर कोई भाव नहीं मिल रहा है। यही वजह है कि केवल जीत और हार के बजाय मिलने वाले वोटों पर अधिक दांव लगाए जा रहे है। इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि नागपुर से जुड़ा बैतूल का सट्टा बाजार भाजपा और कांग्रेस के मुकाबले में जीत-हार को नहीं बल्कि मिलने वाले वोट को ज्यादा तवज्जो दे रहा है।
दोनों प्रत्याशियों के मतों में इजाफे पर लग रहा दांव
सट्टा बाजार से जुड़े सूत्र बताते है कि संसदीय क्षेत्र में इस बार जीत-हार के बजाय मिलने वाले वोटों पर ज्यादा दांव खेला जा रहा है। पिछले चुनाव में भाजपा के डीडी उईके 811248 वोट लेकर 59.74 प्रतिशत वोट लेने में कामयाब हुए थे। वहीं कांग्रेस के रामू टेकाम 451007 यानी 33.21 प्रतिशत वोट लेेने में सफल हुए। दोनों प्रत्याशियों की जीत-हार का आंकड़ा करीब 3 लाख 59 हजार का था।
इस बार सट्टा बाजार में कहा जा रहा है कि जीत-हार के बीच दोनों प्रत्याशी अपने वोट बैंक बढ़ाने में कामयाब हो सकते है। यह बात इसलिए कही जा रही है कि, क्योंकि इस चुनाव में 1895331 में से 1377103 मतदाताओं ने वोट डाले, यानी पिछले बार की अपेक्षा मतों का प्रतिशत बढऩे से सट्टा बाजार बढ़त पर कायम है। सट्टा बाजार के मुताबिक भाजपा प्रत्याशी को पिछली बार की अपेक्षा अधिक मत मिल सकते है तो कांग्रेस के मतों में इजाफा होने की संभावना जताई गई है।




