Today Betul News: अब स्विमिंग पूल की भी मोटर खराब, बन्द करने की आई नौबत
Today Betul News: Now the motor of swimming pool is also broken, the need to close it has come.

तीन दिन से नहीं बदला पानी, क्लोरीन के बढ़ने से तैराकों की सेहत खराब
Today Betul News: बैतूल। नगर पालिका क्षेत्र में पानी सप्लाई में व्यवधान का सिलसिला नपा के इंजीनियरों के कंट्रोल के बाहर होने के बाद अब नपा के एकमात्र स्विमिंग पूल में भी ग्रहण लगता नजर आ रहा है। पिछले तीन दिनों से स्विमिंग पूल में पानी की सप्लाई सिर्फ इसलिए नहीं हो सकी, क्योंकि सप्लाई के लिए लगाई गई मोटर खराब पड़ी हुई है। इसकी वजह से पूल में पानी की सप्लाई नहीं होने से पानी बदबू तो मार ही रहा है।
पानी मे क्लोरीन की मात्रा बढ़ने से तैराकों की सेहत पर भी इसका विपरीत असर पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि आज जब इस मामले की जानकारी अधिकारियों को मिली तो व्यवस्था बनाए जाने के लिए अगले कुछ दिनों तक स्विमिंग पूल को बंद करने का निर्णय भी लिया जा सकता है। इसका सीधा असर उन तैराकों पर पड़ेगा जो बकायदा रजिस्ट्रेशन फीस जमा कर मंथली फीस भी चुका रहे हैं
तीन दिनों से नहीं बदला जा सका पानी
स्विमिंग पूल में तैराकी करने जाने वाले तैराकों ने बताया कि,पानी सप्लाई के लिए लगाई गई मोटर के खराब होने से पूल का पानी बदबू मारने लगा है। 7 लाख 72 हजार 652 लीटर पानी की क्षमता वाले स्विमिंग पूल में प्रतिदिन 20 हजार लीटर पानी की अनिवार्यता सुनिश्चित की गई है, क्योंकि तैराकी के समय प्रतिदिन इतनी मात्रा में पानी वेस्टेज होता ही है।
पानी की क्षमता को बनाए रखने के लिए ही 20 हजार लीटर पानी प्रतिदिन पूल में सप्लाई करना आवश्यक है, लेकिन मोटर खराब होने के चलते तीन दिन से पानी की सप्लाई नहीं हो सकी है। जिसके लिए सीधे सीधे नपा के वह अधिकारी जिम्मेदार हैं जिन्हें इसके संचालन का दायित्व सौंपा गया है। अब हालात ये हैं कि जब तक मोटर का सुधार कार्य नहीं हो जाता तब तक पूल का संचालन बन्द करने की नॉबत आ चुकी है।
सर्दी , खांसी और बुखार का असर झेल रहे तैराक
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्विमिंग पूल की लगातार अनदेखी के चलते तैराकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। तैराकों का साफ कहना है कि उन्होंने 750 रुपये की रसीद कटवाकर प्रवेश लिया है और प्रति माह 500 रुपये की फीस भी चुकाई जा रही है ।पूल में महिला और पुरूष तैराकों की संख्या लगभग 350 है। जिन्हें प्रतिदिन सुबह 5 और शाम को 3 बैचों के माध्यम से तैराकी सिखाई जा रही है।
एक बैच में लगभग 50 तैराक स्विमिंग पूल के अंदर होते हैं।जिस दिन मोटर खराब हुई उसी दिन मोटर आखिर क्यों नहीं सुधारवाई गयी। तीन दिन से पूल में पानी की सप्लाई नहीं हो पाई है। पानी गन्दा होकर बदबू मार रहा है। पानी की कमी से क्लोरीन का बढ़ना भी स्वाभाविक है।
लिहाजा इसका सीधा असर हमारी सेहत पर पड़ रहा है। कई तैराक वर्तमान में सर्दी , खांसी से पीढ़ित हो चुके हैं। कई ऐसे भी हैं जिन्हें हल्के बुखार की भी शिकायत हो रही है। नगर पालिका यदि तैराकों से पैसा ले रही है तो बेहतर सर्विस देना भी नपा का दायित्व बनता है, लेकिन ऐसा ना करते हुए अधिकारियों का लापरवाही बरतना तैराकों के हित मे नहीं है। देखना है कि आखिर स्विमिंग पूल की मोटर कितने दिनों मे सुधरवाई जाती है।
इनका कहना…..
मोटर खराब होने की जानकारी मिली है, सुधार कार्य के निर्देश दिए हैं। शाम तक व्यवस्था बना दी जाएगी
ओमपाल सिंह भदोरिया, सीएमओ नपा बैतूल।





