Betul News: विधायक का खास है, इसलिए बकरे- बकरियों की गाड़ी निकाल रहा छुटभैया नेता
Betul News: The MLA is special, that's why the petty leader is taking out the cart of goats and goats.

झल्लार पुलिस की भूमिका भी संदिग्ध, वसूली के लिए छपवाएं पास
Betul News: बैतूल। कांग्रेस छोड़कर कुछ दिनों पहले भाजपा मेें शामिल हुए एक युवा नेता की इन दिनों झल्लार से लेकर गुदगांव तक बकरा-बकरियों की गाड़ी आगे भेजने में महत्वपूर्ण भूमिका है। पूरा मामला झल्लार पुलिस की आंखों के सामने हो रहा है, लेकिन तथाकथित छुटभैया नेता मनोज विधायक के खासमखास होने के कारण पुलिस भी हाथ नहीं डाल रही। अंदर की खबर यह है कि एक वाहन को पास कराने के लिए छुटभैया नेता एक हजार रुपए प्रति वाहन से वसूल रहा है।
सूत्र बताते हैं कि भैंसदेही विधानसभा क्षेत्र के एक युवा भाजपा नेता को बकरा-बकरी की दलाली करते देखा जा रहा है। खबर है कि एक दिन में कम से कम झल्लार थाने की सीमा से होते हुए महाराष्ट्र तक कम से कम पांच से छह गाड़ियां आसानी से निकलती है। प्रभुढाना का रहने वाले तथाकथित भाजपा नेता प्रति वाहन से एक हजार रुपए की वसूली कर रहा है। यह सिलसिला पिछले कई दिनों से जारी है।
सूत्र बताते हैं कि वाहन आने की सूचना दलाल मनोज को पहले ही मिल जाती है। झल्लार के पहले तथाकथित दलाल अपने चार-पांच लोगों की टीम के साथ जैसे ही बकरा-बकरियों से भरी गाड़ियां आती है, इससे एक-एक हजार रुपए वसूल रहे हैं। इसके लिए बकायदा मनोज ने केरपानी के दो युवकों को भी तैनात कर रखा है।
पर्चियां भी प्रिंट करवाई
हद तो यह हो गई कि प्रभुढाना के मूल निवासी मनोज ने इस वसूली के लिए कितनी हिम्मत दिखाई है, इसका उदाहरण बकरा-बकरियों से भरे वाहन चालकों से एक हजार रुपए की वसूली बड़ी आसानी से करने के बाद अंदाजा लगाया जा सकता है। कहा जा रहा है कि भैंसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान का करीबी बताकर मनोज मूक पशुओं की बलि के लिए पहुंचाने के पूर्व एक हजार रुपए वसूल कर भाजपा के वसूलों की धज्जियां उड़ा है, जबकि भाजपा पशुवध के लिए जाने वाले वाहनों की खासी मुखर विरोधी है, लेकिन दलाल मनोज ने जिस तरह से अपना नेटवर्क स्थापित किया है, इससे अंदाजा लगाया जा सकता है, उसे कहीं न कहीं भाजपा नेताओं का संरक्षण है।
झल्लार पुलिस की भूमिका संदिग्ध
इस पूरे मामले में झल्लार पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। दरअसल पर्ची सिस्टम से दलाल मनोज द्वारा बकरें-बकरियों के वाहनों को आसानी से निकाला जा रहा है। सूत्र बताते हैं कि बिना पुलिस की जानकारी के वाहन आगे निकलना संभव नहीं है। बताया तो यह भी जाता है कि एक हजार की पर्ची देने के बाद संबंधित वाहन चालकों यह पर्ची थाने में पुलिसकर्मियों को देते हैं। इसके बाद ही वाहन आगे जाते हैं। यह पर्ची किसी शिवम पुलिसकर्मी द्वारा देने जानकारी सामने आई है।
इनका कहना…
यदि भाजपा नेता द्वारा एक भी वसूली की जा रही है। मेरे नाम का दुरुपयोग किया जा रहा है तो एक भी सबूत मिल जाए फिर वास्तविकता सामने जा जाएगी।
महेंद्र सिंह चौहान, विधायक भैंसदेही
इस संबंध में मुझे जानकारी मिली है। पूरे मामले को दिखवाकर जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई तय करेंगे।
निश्चल एस झारिया, एसपी बैतूल।





