Betul loksabha chunav: मौसम विभाग की सलाह सही साबित हुई तो मतदान पर पड़ेगा असर!
6 और 7 मई को बारिश के आसार, मतदान केंद्रों के बाहर केवल सामान्य टेंट लगाए

Betul loksabha chunav: बैतूल। यदि मौसम विभाग की सलाह सही साबित हुई तो बारिश विलेन का रूप धारण कर मतदान प्रभावित कर सकती है। विभाग की सलाह को दरकिनार करते हुए जिला प्रशासन ने मतदान केंद्रों के बाहर कोई व्यवस्था नहीं की है, जिससे बारिश होने पर बचा जा सके। केवल सामान्य टेंट लगाए गए हैं, यदि बारिश होती है तो इनमें मतदान करने वाले सुरक्षित नहीं रह सकते। हालांकि शुक्र इस बात का है कि मौसम विभाग की चेतावनी के बीच 6 मई को दोपहर तक आसमान साफ थे, इसलिए प्रशासन की चिंता काफी कम हुई है।
लोकसभा चुनाव की पूरी प्रक्रिया चुनाव आयोग की देखरेख में जिला प्रशासन के अधिकारी आब्जर्वर की मौजूदगी में संभालते आ रहे हैं। जहां पर भी व्यवस्था में चूक हो, इस कमी को पूरा करने के तत्काल कदम उठाते हैं,लेकिन जिले के 1581 पोलिंग बूथ में से कहीं भी सामान्य टेंट के अलावा वाटर प्रुफ टेंट के इंतजाम नहीं किए है। चूंकि मई माह में मतदान की तिथि तय हुई है, इस लिहाज से प्रशासन ने वाटरप्रुफ टेंट की व्यवस्था एक भी मतदान केंद्र पर नहीं की है।
सामान्य टेंट में बारिश होने पर हो सकती है मुश्किल
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में जिस तरह कई जिलों में मतदान का प्रतिशत बुरी तरह प्रभावित हुआ है, इससे न सिर्फ निर्वाचन आयोग बल्कि जनप्रतिनिधियों की चिंता बढ़ गई है। दूसरे चरण में 26 अप्रैल को हुए मतदान में विवाह समारोह अधिक होने के कारण मतदान प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। 7 मई को तीसरे चरण के लिए मतदान कराने की तैयारियां की जा रही है, लेकिन मौसम विभाग की चेतावनी सही साबित हुई और 7 मई को बारिश होती है तो सामान्य टेंट में मतदान के लिए कतार में लगे लोगों को दिक्कतें हो सकती है। जानकारी सामने आई है कि अभी तक एक भी मतदान केंद्र में वाटरप्रुफ टेंट नहीं लगाए गए हैं। ऐसे में प्रशासन की चिंता कई गांव के लोगों के चुनाव बहिष्कार के बाद और बढ़ गई है।
पूर्व में सही साबित हुई भविष्यवाणी
इस बार चिंता की बात यह है कि मौसम विभाग ने जितनी बार बारिश होने की चेतावनी जारी की है, अधिकांश बार संबंधित जिलों में बारिश हुई है। तीन दिन पहले ही मौसम विभाग ने 6-7 और 8 मई को अलग-अलग जिलों में बारिश की एडवाइजरी जारी की है। बैतूल जिले में 6और 7 मई को बारिश की संभावना जताई है। सोमवार मौसम साफ रहा और मंगलवार को ऐसी स्थिति निर्मित हुई तो प्रशासन के सामने शत प्रतिशत मतदान कराना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं होगा।




