Mansoon 2024 : टिटहरी ने दिए 4 अंडे, इस बार होगी अच्छी बारिश
Monsoon 2024: Tithari laid 4 eggs, this time there will be good rains

शोध पत्रों में सटीक साबित हुई टिटहरी की भविष्यवाणी
Mansoon 2024 : बैतूल। प्राचीन मान्यताओं के अनुसार गर्मियों में टिटहरी के दिए अंडों की संख्या के आधार पर हमारे बुजुर्ग बारिश होने का अनुमान लगाते थे। आज भले ही वैज्ञानिक इन तथ्यों को नहीं मानते, लेकिन प्राचीन मान्यताओं को आज भी तरजीह दी जाती है । इस बार भी अच्छी बारिश होने के संकेत टिटहरी ने दिए हैं। जेएच कालेज की छत पर टिटहरी के चार अंडे देखे गए।
डॉ. राजेश शेषकर ने महाविद्यालय के ही जुलाजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. सुखदेव डोंगरे को इसकी जानकारी दी। इसके बाद डॉ. सुखदेव डोंगरे द्वारा टिटहरी के चार अंडों का अवलोकन और परीक्षण किया गया। टिटहरी अण्डों के पास घूमती दिखी, लेकिन हलचल से अण्डों से दूर हो गई, टिटहरी ने चार अंडे भूरे रंग के काले धब्बे वाले दिए हैं।
अब नर-मादा पक्षी लगातार अण्डों को सेने का कार्य कर रहे हैं। डॉ. सुखदेव डोंगरे का शोध अध्ययन बताता है कि इस वर्ष 2024 में टिटहरी (सेण्ड पाइपर) ने चार अण्डे वाणिज्य भवन की छत पर दिए हैं ।श्री डोंगरे के मुताबिक जिस वर्ष टिटहरी चार अण्डे देती है उस वर्ष बारिश अच्छी होती है। टिटहरी पक्षी अक्सर जोड़े में मानसून के पहले दिखाई देते हैं। प्रजनन काल मुख्यत: मार्च से अगस्त तक होता है।
मौसम वैज्ञानिक टिटहरी के चार अण्डे देने पर अच्छी बारिश होने की बात से सहमत नहीं हैं, परंतु राजस्थान, बुंदेलखण्ड के किसान इस धारणा को मान्यता प्रदान करते हैं। प्राणिशास्त्र के वैज्ञानिक, प्रोफेसर एवं शोधकर्ता भी टिटहरी के चार अण्डे देने पर यह मानते हैं कि बारिश बहुत अच्छी होगी।
इनका यह भी मानना है कि मौसम के परिवर्तन का असर पक्षियों के शरीर पर पड़ता है। उसी आधार पर पक्षी प्रजनन करते हैं और अण्डे देते हैं। पक्षियों के व्यवहार में बदलाव मौसम परिवर्तन के कारण आता है। इस आधार पर कह सकते हैं टिटहरी ने चार अण्डे ऊंची जगह पर दिए हैं इसलिए इस बार अच्छी बारिश होने की पूरी उम्मीद एवं संभावना है।
सटीक साबित हुए हैं दो शोधपत्र
शोधकर्ता डॉ. सुखदेव डोंगरे ने इसके पहले दो शोधपत्र 2012 एवं 2022 में टिटहरी के अण्डों पर प्रस्तुत किए थे। जिसमें 2012 में 61.25 बारिश हुई थी एवं 2022 में 63.50 इंच बारिश दर्ज की गई थी। टिटहरी को मानसून का पूर्वाभाष होता है। टिटहरी पक्षी प्रकृति के मौममी इशारों को समझकर नीचे अथवा ऊंचे स्थान पर अण्डे देती हैं। कभी 2 कभी 3 कभी 4 अण्डे देती हैं। अत: शोधकर्ता के अनुसार 2024 में बारिश अच्छी होने की पूरी उम्मीद एवं संभावनाएं जताई गई हैं। यह शोधपत्र सत्य साबित हुआ तो टिटहरी के चार अण्डे देने पर बारिश अच्छी होगी यह अनुमान वैज्ञानिक आधार भी माना जा सकता है।





