Weapons license Suspended : सशस्त्र लायसेंस निलंबित होने के बावजूद हथियार लेकर घूम रहे लोग
कई लोगों ने थाने में जमा नहीं की बंदूके, कलेक्टर के आदेश का पालन नहीं।

Weapons license Suspended : बैतूल। लोकसभा चुनाव में शांति व्यवस्था बनाए रखने और निष्पक्ष मतदान के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने समस्त सशस्त्र लायसेंस को आगामी लोकसभा चुनाव संपन्न होने तक निलंबित कर दिया है। सभी लोगों को अपने बंदूके थाने में जमा करने के निर्देश दिए हैं,लेकिन कुछ लोग ऐसे भी हैं जिन्होंने बंदूके थाने में जमा नहीं की है। लायसेंस निलंबित होने के बावजूृद भी हथियार लेकर घूम रहे हैं। हालांकि अधिकतर लोगों ने अपनी बंदूके थाने में जमा की है, लेकिन कुछ लोग अभी भी बंदूके जमा करने के शेष रह गए हैं।
कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया ने बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत 203 सशस्त्र लायसेंस हैं जिसमें से 170 लोगों ने बंदूके जमा कर दी है। 8 लायसेंस बैंकों के पास हैं जिन्होंने कलेक्टर के बंदूके रखने की अनुमति देने के लिए आवेदन जमा किए हैं। अभी भी 25 ऐसे लोग हैं जिन्होंने अपनी बंदूके थाने में जमा नहीं की है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी को जल्द बंदूके संबंधित थानों में जमा करने के निर्देश दिए हैं अन्यथा उनके ऊपर कार्रवाई की जाएगी। गंज थाना प्रभारी रविकांत डेहरिया ने बताया कि गंज थाना क्षेत्र में कुल 112 सशस्त्र लायसेंसधारी है। जिसमें से 85 लोगों ने अपने शस्त्र थाने में जमा कर दिए। 13 सशस्त्र लायसेंस बैंकों के हैं जिन्होंने शस्त्र रखने की अनुमति के लिए निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखा है। 14 ऐसे लायसेंसधारी हैं जिन्होंने अपने शस्त्र थाने में जमा नहीं किए हैं।
पुलिस का कहना है कि निर्वाचन अधिकारी के निर्देश को लेकर सशस्त्र लायसेंसधारियों को सूचित किया है कि वे अपने लायसेंस थाने में शीघ्र जमा कराए,अन्यथा उनके ऊपर कार्रवाई करेंगे। जानकारी के अनुसार जो लोग अपने शस्त्र थाने में जमा कर रहे हैं उन लोगों को एक पावती दी जा रही है। ताकि आचार संहिता समाप्त होने के बाद पावती के आधार पर उनके हथियार वापस दिए जा सके। बताया जा रहा है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आर्मी, बीएसएफ, एसएएफ, पुलिस, होमगार्ड, केंद्रीय एवं राज्य सशस्त्र बल, बैंकों की सुरक्षा में संलग्न लायसेंसधारियों एवं चुनाव कार्य में संलग्न कार्यपालिक मजिस्टे्रट इस आदेश सें मुक्त रहेंगे।




