Betul News : हत्या का आरोप लगाकर परिजनों ने शव रखकर घेरा थाना
Betul News: Accused of murder, Azel surrounded the dead body

एक घंटे तक अर्धनग्न रहे परिजन, एसडीओपी के आश्वासन के बाद माने
Betul News : (मुलताई)। यहां रहने वाले सेवानिवृत्त फौजी और उसकी पत्नी पर एक व्यक्ति की हत्या के आरोप ने तूल पकड़ लिया है। करीब एक माह पहले स्थानीय निवासी श्याम किशोर भावसार रक्त रंजित अवस्था में मिले थे। पुलिस ने इसे दुर्घटना का मामला बनाया। हालांकि परिजन शुरू से ही मामले में सेवानिवृत्त फौजी और उसकी पत्नी पर आरोप लगा रहे हैं। इस बीच 1 अक्टूबर को घायल व्यक्ति की मौत के बाद सोमवार मृतक के परिजनों ने सेवानिवृत्त फौजी और उसकी पत्नी पर हत्या के आरोप लगाते हुए अर्धनग्न होकर मुलताई थाने का घेराव कर डाला। एक घंटे तक परिजन शव रखकर थाने में ही संबंधित के खिलाफ एफआईआर की मांग करते रहे। एसडीओपी के थाना पहुंचने के बाद समझाइश दी गई। मामले की जांच करने के आश्वासन के बाद परिजन माने।
अंबेडकर वार्ड निवासी हितेश भावसार ने थाना प्रभारी के नाम सौंपे गए आवेदन में बताया कि उनके पिता श्याम किशोर भावसार की सेवानिवृत्त फौजी संतोष सूर्यवंशी और उसकी पत्नी अर्चना सूर्यवंशी निवासी मुलताई रोड द्वारा बबलू के ढाबे के पास हत्या करने का प्रयास किया। रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए 1 सितंबर को इस घटना को अंजाम देते हुए उनके पिता पर जानलेवा हमला किया गया। शिकायतकर्ता के मुताबिक राहगीरों ने भी इस घटना को देखा है।
साक्षियों के आधार पर पुलिस ने अब तक कोई मामला पंजीबद्ध नहीं किया। शिकायत में बताया कि संतोष सूर्यवंशी शहर का एक दबंग, राजनैतिक व्यक्ति होने के साथ सेवानिवृत्त फौजी है। उसने अपने राजनैतिक प्रभाव के चलते हत्या की घटना की एफआईआर को दुर्घटना में दर्ज करवा दी। मृतक के पुत्र ने आरोप लगाया है कि अपनी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होने के कारण उसकी प्रशासन में गहरी पेठ है।
घटना दिनांक के बाद से संतोष सूर्यवंशी और उसकी पत्नी द्वारा भेजे गए गुंडे उसे धमकी दे रहे हैं। शिकायकर्ता का कहना है कि वह पहले से एक पैर से अपाहिज है और उसे कहा जा रहा है कि दूसरा पैर भी तोड़ दिया जाएगा। मैं मिलिट्री का जवान रहा हूं, कानून मेरी जेब में है। हितेश ने थाना प्रभारी को सौंपे ज्ञापन में बताया कि संतोष और उसकी पत्नी द्वारा पिता की हत्या के बाद उन्हें और परिवार की महिलाओं का अपहरण करने की धमकी भी दी जा रही है। उन्होंने शिकायत में दोनों पर दंडात्मक कार्रवाई करने का अनुरोध किया था।
अर्धनग्न होकर पहुंचे थाना घेरने
इस दौरान मृत श्याम किशोर भावसार के पुत्र और परिजन शव लेकर मुलताई थाना पहुंच गए। गत 1 अक्टूबर को ही नागपुर में इलाज के दौरान उनकी मौत हुई थी। परिजनों ने तत्काल संतोष सूर्यवंशी और उसकी पत्नी अर्चना सूर्यवंशी पर एफआईआर करने की मांग की।
थाना प्रभारी द्वारा परिजनों को समझाइश दी गई, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद एसडीओपी एसपी सिंह बैतूल से यहां पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाइश दी कि मामले की बारिकी से जांच कराई जाएगी। एक घंटे बाद परिजन माने और शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए गए। इस दौरान थाने में हुजूम लग गया था।




