Betul News: जनगणना ने रोकी नपा की वसूली की रफ्तार, अब तक सिर्फ 43 प्रतिशत ही हो पाई वसूली

11 करोड़ के मुकाबले वसूले मात्र 5 करोड़, खाली पड़ा वसूली कक्ष

Betul News: बैतूल। वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पहले टैक्स वसूली में जुटी नगर पालिका की रफ्तार पर अचानक ब्रेक लग गया है। दरअसल वसूली कार्य में लगे करीब 17 कर्मचारियों में से 14 की ड्यूटी वार्डों में परिवारों की संख्या और मकानों के चिन्हांकन के कार्य में लगा दी गई है। यह पूरा काम आगामी जनगणना के प्रथम चरण के तहत कराया जा रहा है।

जनगणना के कार्य में कर्मचारियों के लगने का असर यह हुआ है कि नगर पालिका अब तक मात्र 43 प्रतिशत ही वसूली कर पाई है। आमतौर पर जिस हाल में वसूलीकर्ता टैक्स की राशि जमा करते हैं, वह हाल इन दिनों लगभग खाली पड़ा है। वहां केवल दो कर्मचारी ही वसूली का काम संभाल रहे हैं। नगर पालिका की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर बताई जा रही है। ऐसे में तय लक्ष्य के अनुसार वसूली पूरी हो पाएगी या नहीं, इसे लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है।

11 करोड़ की वसूली का लक्ष्य, अब तक 5 करोड़ ही आए

नगर पालिका की राजस्व शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में संपत्ति कर सहित अन्य करों के रूप में कुल 11 करोड़ 67 लाख 80 हजार 790 रुपये की वसूली का लक्ष्य रखा गया है। इसके मुकाबले फरवरी माह के अंत तक 5 करोड़ 10 लाख 15 हजार 659 रुपये ही वसूले जा सके हैं, जो कुल लक्ष्य का लगभग 45 प्रतिशत है। बाद में वसूली कर्मचारियों की ड्यूटी जनगणना कार्य में लगाए जाने के कारण वसूली की रफ्तार लगभग थम गई है। यदि वसूली का कार्य लगातार चलता रहता तो यह आंकड़ा और बढ़ सकता था। अधिकारियों का कहना है कि जनगणना राष्ट्रीय कार्यक्रम है, जिसे समय-सीमा में पूरा करना आवश्यक है। प्रथम चरण के एक-दो दिन में पूर्ण होने के बाद वसूली अभियान को फिर से तेज किया जाएगा।

अन्य मदों में भी वसूली की स्थिति काफी कमजोर

नगर पालिका से मिली जानकारी के अनुसार संपत्ति कर के रूप में 4 करोड़ 88 लाख 3 हजार वसूलना है, जिसके मुकाबले अब तक 2 करोड़ 40 लाख 35 हजार 644 रुपये ही जमा हो पाए हैं। इसी प्रकार समेकित कर के 85 लाख 66 हजार के लक्ष्य के मुकाबले 31 लाख 90 हजार 746 ही वसूले गए हैं। सामान्य जलकर के 8 लाख 28 हजार 124 रुपये में से अभी भी 4 लाख 12 हजार रुपये की वसूली बाकी है।

भारी भरकम जल शुल्क के 3 करोड़ 63 लाख 83 हजार के लक्ष्य के मुकाबले केवल 1 करोड़ 15 लाख 99 हजार ही वसूले जा सके हैं। दुकान, भवन और भूमि किराए के रूप में 84 लाख 87 हजार वसूलना है, लेकिन अब तक 32 लाख 46 हजार 811 रुपये ही जमा हो पाए हैं। इसी तरह शिक्षा उपकर के 1 करोड़ 55 हजार 471 रुपये में से 39 लाख 40 हजार 169 रुपये की वसूली अभी शेष है, जबकि नगरीय विकास उपकर के 1 करोड़ 15 लाख 76 हजार 696 रुपये के लक्ष्य के मुकाबले 45 लाख 90 हजार 619 रुपये ही वसूले गए हैं।

कुल मिलाकर नगर पालिका को विभिन्न करों के रूप में 11 करोड़ 67 लाख 80 हजार की वसूली करना है, लेकिन अभी तक यह आंकड़ा 5 करोड़ 10 लाख 15 हजार 659 रुपये तक ही पहुंच पाया है। कर्मचारियों के जनगणना कार्य में लगने के बाद शेष राशि कब और कितने समय में वसूली जा सकेगी, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।

इनका कहना….

 राष्ट्रीय कार्यक्रम जनगणना का कार्य एक दो दिन में पूर्ण हो जाएगा। इसके बाद वसूली का कार्य तेज किया जाएगा।

अभिजीत सिंह, प्रशासक नपा बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button