Betul Mandi News: मंडी में व्यापारियों की मनमानी, बोरों से पटा मंडी परिसर और शेड, उपज डालने भटकते रहे किसान

मंडी परिसर में अव्यवस्थाओं का आलम, किसान परेशान

Betul Mandi News: बैतूल। कृषि उपज मंडी में अव्यवस्थाओं का आलम लगातार बढ़ता जा रहा है। बंपर आवक के बावजूद मंडी प्रशासन किसानों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में नाकाम साबित हो रहा है। हालात यह हैं कि मंडी के शेड और परिसर में व्यापारियों की खरीदी गई उपज के बोरे कई दिनों तक पड़े रहते हैं, लेकिन उनका समय पर उठाव नहीं किया जाता।

इसका सीधा खामियाजा मंडी में अपनी उपज लेकर पहुंचने वाले किसानों को भुगतना पड़ रहा है। गुरुनानक देव जयंती के अवकाश के दौरान भी व्यापारियों के बोरों का उठाव नहीं हुआ। छुट्टी के बाद बुधवार को जब मंडी खुली तो पूरा परिसर व्यापारियों के बोरों से भरा नजर आया। किसानों को अपनी उपज डालने के लिए जगह तलाशनी पड़ी। स्थिति यह बन गई कि कई किसानों को रास्ते में ही अपनी उपज डालने के लिए मजबूर होना पड़ा।

मंडी में इन दिनों व्यापारियों की मनमानी और प्रशासन की लापरवाही किसानों की परेशानी बढ़ा रही है। मंडी शेड के भीतर और खुले परिसर में व्यापारियों के बोरे बड़ी संख्या में रखे हुए हैं। नियमानुसार खरीदी गई उपज का समय पर उठाव होना चाहिए, ताकि मंडी में आने वाले दूसरे किसानों को अपनी उपज रखने के लिए पर्याप्त जगह मिल सके।

इसके बावजूद व्यापारी बोरों का उठाव करने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। छुट्टी के दिन भी बोरों का उठाव नहीं होने से बुधवार को मंडी परिसर में जगह की समस्या और गंभीर हो गई। किसान अपनी उपज लेकर मंडी पहुंचते रहे, लेकिन उन्हें उपज डालने के लिए खाली स्थान नहीं मिल पाया। कई किसानों ने इस समस्या को लेकर पहले भी मंडी प्रशासन को अवगत कराया है, लेकिन अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई।

मुख्य द्वार से पेट्रोल पंप तक वाहनों की कतार

बुधवार को मंडी खुलने के बाद एक तरफ परिसर में व्यापारियों के बोरों का कब्जा रहा तो दूसरी तरफ किसानों को प्रवेश के लिए भी परेशान होना पड़ा। मंडी के मुख्य द्वार से लेकर पेट्रोल पंप तक मुख्य सडक़ पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सुबह से ही किसान अपने वाहनों के साथ मंडी में प्रवेश मिलने का इंतजार करते रहे। कई किसानों को मंडी प्रांगण में प्रवेश नहीं मिल सका।

किसानों का कहना है कि मंडी प्रशासन द्वारा प्रवेश के लिए निर्धारित समय सीमा का पालन कराने के नाम पर सख्ती दिखाई जाती है। तय समय से थोड़ी भी देरी होने पर किसानों को प्रवेश नहीं दिया जाता, जबकि किसानों के सामने कई बार ऐसी परिस्थितियां बन जाती हैं, जिनमें समय पर पहुंचना संभव नहीं होता।

वाहन खराब होने पर भी नहीं मिलती राहत

किसानों का कहना है कि गांव से मंडी तक उपज लेकर पहुंचने में कई तरह की परेशानियां आती हैं। रास्ते में ट्रैक्टर-ट्रॉली या अन्य वाहनों में तकनीकी खराबी आ जाए अथवा टायर पंचर हो जाए तो मंडी पहुंचने में देरी होना स्वाभाविक है। इसके बावजूद मंडी प्रशासन किसानों की परिस्थितियों को समझने के बजाय उन्हें प्रवेश से वंचित कर देता है।

किसानों का कहना है कि एक ओर व्यापारियों के बोरे कई दिनों तक मंडी परिसर में पड़े रहते हैं और उनके उठाव को लेकर कोई सख्ती नहीं दिखाई जाती, वहीं दूसरी ओर किसानों के प्रवेश को लेकर कड़े नियम लागू किए जाते हैं। मंडी प्रशासन की इस दोहरी व्यवस्था से किसानों में नाराजगी बढ़ रही है। किसानों ने मांग की है कि व्यापारियों के बोरों का समय पर उठाव सुनिश्चित कराया जाए, मंडी परिसर में खाली जगह की व्यवस्था की जाए और प्रवेश के मामले में किसानों की वास्तविक परेशानियों को देखते हुए व्यावहारिक निर्णय लिया जाए।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button