Betul Nagar Palika: नपा ने पीडब्ल्यूडी के हवाले किया लल्ली चौक-कोतवाली मार्ग
Betul Nagar Palika: NAPA handed over Lalli Chowk-Kotwali road to PWD

अब पीडब्ल्यूडी करेगी सीमेंट कांक्रीट सडक़ का निर्माण
Betul Nagar Palika: बैतूल। भले ही देर-संवेर, लेकिन लल्ली चौक से कोतवाली मार्ग नपा ने पीडब्ल्यूडी के हवाले कर ही दिया है। अब इस मार्ग पर पीडब्ल्यूडी सीमेंट कांक्रीट सडक़ का निर्माण कराएगी। इसके लिए नपा सीएमओ सतीश मटसेनिया ने पीडब्ल्यूडी विभाग की ईई प्रीति पटेल को पत्र भी प्रेषित कर दिया है। बताया जा रहा है टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद फरवरी के प्रथम सप्ताह में सडक़ का काम शुरू भी कर दिया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर की तीन प्रमुख सडके पेट्रोल पंप से कोतवाली, पेट्रोल पंप से गंज हाथी नाला तथा कारगिल चौक से मैकेनिक चौक की सडक़ पूर्व में पीडब्ल्यूडी के अधीन थी। बाद में यह तीनों सडक़ नपा को हैंड ओवर कर दी गई थी।
सडक़ निर्माण के साथ अभी तक इसका रखरखाव भी नपा ही कर रही थी, लेकिन कोतवाली से लल्ली चौक के बीच करीब 500 मीटर की सडक़ में ड्रेनेज के न होने और बार बार सडक़ बार उखडऩे का पेंच फंसने के बाद सडक़ का निर्माण खटाई में पड़ चुका था।
सडक़ पर उडऩे वाली धूल ने लोगों का जीना हराम कर रखा था। लिहाजा नागरिकों को होने वाली समस्याओं की देखते हुए बैतूल विधायक हेमन्त खण्डेलवाल को हस्तक्षेप करना पड़ा। नपा और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के साथ की गई।
बैठक में यह तय किया गया कि सडक़ का निर्माण पीडब्ल्यूडी के माध्यम से कराया जाए, लेकिन सडक़ नपा के आधिपत्य में होने के चलते पीडब्ल्यूडी के अधिकारी भी हाथ पर हाथ धरे बैठे हुए थे, लेकिन अब सडक़ पीडब्ल्यूडी के हवाले कर दी है और जल्द ही सडक़ का कायाकल्प होने के बाद यहां रहने वाले व्यापारियों और रहवासियों को भी समस्याओं से मुक्ति मिल सकेगी।



