Betul Ki Khabar: विकास पुस्तिका के लिए अधिकांश विभाग बेपरवाह
Betul Ki Khabar: Most departments are indifferent to development booklet

अधिकारियों द्वारा समय पर जानकारी नहीं देने से विमोचन के काम में लेटलतीफी से कलेक्टर नाराज
Betul Ki Khabar: बैतूल। जिले के विकास संबंधित विकास पुस्तिका का विमोचन एक बार फिर अधर में लटक गया है। दरअसल पूर्व में ही कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ ने अपने अधीनस्थों को निर्देश दिए थे कि अपने विभाग से संबंधित जानकारियां समय पर दें, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। नतीजा यह हुआ कि विमोचन की तारीख लगातार बढ़ रही है। अधिकारियों को इस पुस्तिका के लिए जनप्रतिनिधियों से भी सुझाव लेने के लिए कहा गया था, इसके बावजूद अधिकांश जनप्रतिनिधियों से सुझाव आमंत्रित नहीं किए गए हैं। इसी वजह से लेटलतीफी हो रही है।
प्रशासनिक सूत्र बताते हैं कि जिले के 200 साल पूरे होने को लेकर विकास संबंधित एक पुस्तिका तैयार की जा रही है। इसका क्रियान्वयन अधिकारी जिला पंचायत सीईओ को बनाया गया है। उनके माध्यम से सभी विभाग से जानकारियां जुटाकर पुस्तिका को अपडेट करने का काम लंबे समय से किया जा रहा है, लेकिन खेद की बात यह है कि बार-बार पत्राचार करने के बाद कई विभाग के अधिकारी इस पुस्तिका को लेकर रूचि नहीं दिखा रहे हैं। समय पर जानकारी नहीं भेजने के कारण पुस्तिका के विमोचन में अनावश्यक विलंब हो रहा है। बीते सोमवार को टीएल की बैठक में जिला पंचायत सीईओ ने इस पर नाराजगी भी जताई थी। जबकि कलेक्टर भी समय पर पुस्तिका का विमोचन नहीं होने पर नाराजगी जता चुके हैं।
इन विभागों की जानकारी भेजने से परहेज
सूत्र बताते हैं कि कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ के निर्देश के बावजूद विकास पुस्तिका के लिए जानकारी भेजने में कई विभाग कोताही बरत रहे हैं। अब तक शिक्षा विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, सर्व शिक्षा अभियान, जेएच कालेज, स्वास्थ्य विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, ऊर्जा विभाग, राजस्व विभाग पशुपालन विभाग, मत्स्य विभाग, सहकारिता विभाग, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, पीडब्ल्यूडी, एमपीआरडीसी, प्रधानमंत्री सड़क ने जानकारी नहीं दी। इन्हें पूर्व में भी समझाइश दी गई है कि उनके संबंधित विभागों में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री की योजनाओं का समावेश करते हुए फोटोग्राफ्स भी उपलब्ध कराए, लेकिन आज तक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई।
पुस्तिका में रहेगी महत्वपूर्ण जानकारी
प्रशासनिक सूत्रों की माने तो यह पहली पुस्तिका रहेगी, जिसमें जिले के विकास से संबंधित हर डाटा मौजूद रहेगा। चूंकि हर विभाग की महत्वपूर्ण जानकारियां इस पुस्तिका में रहेगी। इसी वजह जानकारी न देने पर पुस्तिका के काम में विलंब हो रहा है। बताया जाता है कि लगभग 200 पेज की इस पुस्तिका में जिले के विकास संबंधित सारी उपलब्धियां तैयार की जा रही है। जिपं सीईओ के नेतृत्व में इसका खाका तैयार कर अंतिम रूप देने का प्रयास किया जा रहा है। विकास पुस्तिका में जिले के सांसद और विधायकों को भी महत्व दिया जाकर उनसे भी राय लेने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इनका कहना…
जिले की विकास पुस्तिका का काम चालू है। कुछ विभागों ने जानकारी नहीं भेजी है, इसलिए काम में विलंब हो रहा है। प्रयास किए जा रहे हैं कि शीघ्र विकास पुस्तिका का विमोचन किया जाएगा।
अक्षत जैन, सीईओ, जिपं बैतूल




